गरीबी रेखा के नीचे जीने वालों का हाल हुआ बुरा
विरार (सं. भा.) भारी बरसात के कारण सर्वर स्लो होने से गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले लोगों को अब दोहरा नुकसान उठाना पड़ रहा हैं। उन्हें मिलने वाले मुफ्त राशन के साथ ही उनकी दिहाड़ी मजदूरी का भी नुकसान हो रहा हैं। खराब मौसम के कारण इंटरनेट सेवा प्रभावित है। इसके चलते फिंगर प्रिंट लोड तथा रेटिना प्रूफ नहीं हो पा रहा है। ऐसे में राशन कोटेदार कार्ड धारकों को सीधे राशन देने से मना कर रहे हैं। ऐसे में केशरी राशनकार्ड धारकों को मिलने वाले मुफ्त अनाज से वंचित होना पड़ रहा है। ऐसे में गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करने वाले परिवारों के सामने खाद्य सामग्री की भारी समस्या उत्पन्न हो गई हैं।
मुफ्त अनाज योजना के लाभार्थी राशन कार्ड धारकों के प्रत्येक सदस्य को एक ही ई- पीओएस मशीन पर ई केवाईसी करने का आदेश दिया गया है। जिसका काम शुरू है। लेकिन अब मशीन को लेकर शिकायतें आनी शुरू हो गई है। कोटेदार का कहना हैं कि, ई- केवाईसी करते समय मशीन बार-बार रीस्टार्ट हो रहा है। वहीं, लगातार सर्वर डाउन होने से लाभार्थी के हाथ की रेखाएं दिखाई स्पष्ट नहीं हो पाने पर प्रत्येक का आधार नंबर दर्ज करना होगा।


