मुंबई(स भा): शिक्षा विभाग ने मुंबई के स्कूलों में छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक बड़ा अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत, प्रत्येक स्कूल में सुरक्षा व्यवस्था की फिजिकल जांच की जा रही है। इस प्रक्रिया में शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ स्कूलों के हेडमास्टर और प्रिंसिपल को भी शामिल किया गया है।
जांच दल स्कूलों का दौरा कर यह सुनिश्चित कर रहा है कि राज्य सरकार द्वारा 13 मई 2025 को जारी किए गए सर्कुलर और जीआर (सरकारी संकल्प) के अनुरूप सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा है या नहीं। यदि किसी स्कूल में कोई कमी पाई जाती है, तो उसे 15 से 30 दिनों के भीतर सुधारने का निर्देश दिया जा रहा है।
शिक्षा विभाग के अधिकारी ने बताया कि सभी स्कूलों को सर्कुलर जारी कर सुरक्षा संबंधी उपायों की पूरी रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है। अधिकारी रिपोर्ट की जाँच के बाद यह सुनिश्चित करेंगे कि स्कूल ने वास्तव में सुरक्षा के उपाय किए हैं या केवल कागजी खानापूर्ति की है। अगर कोई कमी पाई जाती है, तो उसे दूर करने के लिए स्कूल प्रशासन को कहा जाएगा।
एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई के अधिकतर स्कूलों में छात्रों की सुरक्षा व्यवस्था बेहतर पाई गई है। इसमें आपातकालीन उपाय, शौचालयों की स्वच्छता, सीसीटीवी कैमरे, स्कूल गेट की स्थिति, चिराग ऐप, पॉक्सो ई-बॉक्स और चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर जैसे उपाय व्यवस्थित तरीके से लागू किए गए हैं। हालांकि, कुछ व्यवस्था संबंधी खामियाँ भी मिली हैं, जिन्हें दूर करने के लिए स्कूलों को कहा गया है।
इस जाँच अभियान में शिक्षा विभाग के अधिकारी और कर्मचारी फिजिकल विजिट कर रहे हैं, जिसमें स्कूल प्रशासन को पूरा सहयोग करने का आदेश दिया गया है।
स्कूलों में छात्रों की सुरक्षा की जांच शुरू, खामियां दूर करने के निर्देश
RELATED ARTICLES


