वर्षों बाद मूलभूत सुविधाएं मिलने से नागरिकों में खुशी
वसई (सं. भा.) – वसई के आनंद नगर में वर्षों से उपेक्षित पड़े मूलभूत सुविधाओं का पुनर्निर्माण कार्य शुरू होते ही स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों के चेहरे पर खुशी साफ झलकने लगी है। भाजपा कार्यकर्ता मनोज गुप्ता के प्रयासों से क्षतिग्रस्त फुटपाथ के पुनः निर्माण का कार्य जारी है, जिससे स्थानीय लोग राहत महसूस कर रहे हैं।
वसई के आनंद नगर में प्रशासनिक सुविधाओं की कमी लंबे समय से बनी हुई थी। यहां के निवासी स्ट्रीट लाइट, फुटपाथ, नाले, सड़कों की दुर्दशा और अवैध पार्किंग जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहे थे। कई वर्षों से नागरिक सिर्फ मतदान करते आ रहे थे, लेकिन उन्हें अपनी समस्याओं को सामने रखने का अवसर नहीं मिला था।
भाजपा कार्यकर्ता मनोज गुप्ता ने बताया कि उन्होंने आनंद नगर के कायाकल्प की जिम्मेदारी स्वयं ली है। उन्होंने कहा, “अब हमारे पास भाजपा की सरकार है, सांसद का सहयोग है और जनता के कार्यों को समझने वाली विधायक स्नेहा दुबे पंडित जैसी नेता हैं।” उनके सहयोग से आनंद नगर के विकास कार्यों की शुरुआत हो चुकी है और आने वाले समय में इसे और गति दी जाएगी। स्थानीय नागरिकों ने भाजपा कार्यकर्ता मनोज गुप्ता के इस प्रयास की सराहना की है और आशा जताई है कि आने वाले दिनों में आनंद नगर पूरी तरह से एक नए रूप में दिखाई देगा।


