- पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार।
उत्तर प्रदेश गोरखपुर(सं. भा.) गोरखपुर जिले के खोराबार थाने की पुलिस ने लूट की घटना को अंजाम देने वाले तीन अभियुक्तो को गिरफ्तार किया है। इस संम्बध में एसपी सिटी कृष्ण कुमार विश्नोई ने पुलिस लाइन के वाइट हॉउस सभागार में प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि मुखबीर की सूचना पर तीन अभियुक्तो को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की पहचान अरुण कुमार सिंह पुत्र स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह निवासी धर्मपुर बुजुर्ग थाना रविन्द्र नगर जंनपद कुशीनगर, दूसरा असलम पुत्र बालादिन निवासी ग्राम अहिरौली थाना कसया जनपद कुशीनगर और तीसरा सकलैन पुत्र मुस्तकीम निवासी ग्राम अहिरौली थाना कसया जनपद कुशीनगर के रूप में हुयी है। इनके पास से बीस हजार नगद,घटना के लिए उपयोग में लाई गई बोलेरो, एक देशी तमंचा,एक जिंदा कारतूस सहित दो मोबाइल बरामद किया गया है। एसपी सिटी ने बताया कि शिकायतकर्ता 6 जून की सुबह दस बजे सुबा बाजार के खोराबार स्थित स्टेट बैंक से अपना पेंशन निकालने गए थे। तभी 10 बजकर 53 मिनट पर पेंशन लेकर घर के लिए निकल रहे थे कि एक मजिस्ट्रेट लिखी बोलेरो गाड़ी जिस पर हूटर व दो लाल बत्ती लगी हुई थी उनके पास आ कर रुकी। उसमें बैठे चार अज्ञात व्यक्तियों ने शिकायतकर्ता को रोककर कहा कि हम लोग आपको घर छोड़ देंगे। यह बोलेरो गाड़ी आपके रिश्तेदार रजनीश यादव की है और हम उनके ड्राइवर हैं। शिकायतकर्ता को गाड़ी में बैठा कर उसके सदरी से 28 हजार छीन लिए और रामनगर फोरलेन के पास जबरन उतार कर भाग गए। पीड़ित की शिकायत पर थाना खोराबार द्वारा मुकदमा पंजीकृत किया गया था। इसी के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और उन्हें जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में खोराबार थाना प्रभारी जयनारायण शुक्ल,वरिष्ठ उपनिरीक्षक अभिनव मिश्र,उपनिरीक्षक अभिजीत कुमार,प्रभात सिंह,हेड कांस्टेबल बृजेश सिंह,कांस्टेबल सुरेंद्र यादव शामिल रहे।



