फतेहपुर (सं.भा.): फतेपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रविवार दोपहर जीटी रोड हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना मुरादीपुर पुल के आगे प्रयागराज–कानपुर लेन पर दोपहर करीब 1:25 बजे हुई।
जानकारी के अनुसार फतेहपुर निवासी छह लोग लखनऊ के पास बछरावां क्षेत्र में सिलबट्टा बनाने का काम खत्म कर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जब वे जीटी रोड हाईवे पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में राजकिशोर (48) पुत्र मुन्नूलाल और कल्लो (45) पत्नी चंद्रशेखर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुरेश पुत्र मन्ना, निवासी विनोबा नगर थाना राधानगर, गंभीर रूप से घायल हो गया। अन्य लोग इस हादसे में बाल-बाल बच गए।
घायल सुरेश को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोपालगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे सदर अस्पताल फतेहपुर रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो वाहन को कब्जे में ले लिया। मृतकों के परिजन भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। पुलिस द्वारा पंचायतनामा भरने सहित अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार मौके पर शांति व्यवस्था कायम है ।


