वसई (सं. भा.)। वसई-विरार शहर मनपा ने बड़ा दावा किया है कि इस बार बारिश मे शहर मे जल जमाव नहीं होगा। हालांकि हर साल बारिश में वसई-विरार ही नही बल्कि मीरा-भायंदर और मुंबई मनपा मे जगह-जगह जल जमाव होता रहता है और लोगों को दिक्कतों का सामना करना ही पड़ता है। बारिश के मौसम में जलभराव न हो, इसे लेकर वसई-विरार महानगर पालिका ने तैयारी शुरु कर दी है। इसी के तहत नालों की सफाई का काम तेजी से शुरु हो गया है। नाला सफाई का काम ३१ मई तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। सफाई नायकों को निर्देश दिया गया है कि नालों में कचरा जमा न होने दें। शहर में बारिश के दौरान सबसे ज्यादा जल भराव नालासोपारा व वसई-विरार शहर के अधिकांश जगहों पर हो जाता है। शहर के निचले इलाकों में बने घरों एवं सड़कों पर बारिश के दौरान जलभराव की विकट समस्या उत्पन्न हो जाती है। नागरिकों का कहना है कि हर बार प्रशासन १०० प्रतिशत नाला सफाई का दावा करता है, लेकिन साफ-सफाई पूरी तरह नहीं होती है। हालांकि, वसई-विरार शहर कार्यकारी अभीयंता राजेंद्र लाड ने बताया कि शहर में नालों की सफाई का काम शुरु हो गया है। ३१ मई तक शहर के सभी नाले साफ करने के निर्देश दिए गए हैं।


