spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईऑटो-टैक्सी चालकों की लगेगी मराठी पाठशाला

ऑटो-टैक्सी चालकों की लगेगी मराठी पाठशाला

  • भाजपा के उत्तर भारतीय मोर्चा ने संभाला मोर्चा, पहले दिन ढाई हजार चालकों ने दिखाई रुचि

मुंबई, (सं.भा.) — मुंबई की सड़कों पर रोजाना लाखों यात्रियों को मंजिल तक पहुंचाने वाले ऑटो रिक्शा और टैक्सी चालक अब मराठी भाषा में भी सहज संवाद करते नजर आएंगे। गैरमराठी भाषी चालकों को स्थानीय भाषा से जोड़ने के लिए मुंबई भाजपा के उत्तर भारतीय मोर्चा ने मराठी भाषा प्रशिक्षण अभियान शुरू किया है। मालाड पश्चिम स्थित मुंबई पब्लिक स्कूल परिसर में आयोजित कार्यशाला का उद्घाटन मुंबई भाजपा के महासचिव आचार्य पवन त्रिपाठी ने किया।

इस अभियान को लेकर पहले ही दिन चालकों में उत्साह देखने को मिला और करीब ढाई हजार ऑटो रिक्शा एवं टैक्सी चालकों ने मराठी सीखने के लिए आवेदन किया। प्रशिक्षण में चालकों को यात्रियों से बातचीत में इस्तेमाल होने वाले सामान्य शब्द, छोटे वाक्य और रोजमर्रा के संवाद की जानकारी दी जा रही है, ताकि भाषा की वजह से यात्रियों और चालकों के बीच किसी तरह की परेशानी न हो।

कार्यक्रम में मुंबई भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा अध्यक्ष प्रमोद मिश्रा, भाजपा नगरसेवक तेजिंदर सिंह तिवाना, प्रयास फाउंडेशन अध्यक्ष बृजेश सिंह, पंकज यादव, मनोज सिंह, उत्तम शुक्ला, उमेश पांडे और सूर्यकांत शर्मा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

आचार्य पवन त्रिपाठी ने कहा कि बड़ी संख्या में चालकों का मराठी सीखने के लिए आगे आना सकारात्मक संदेश है। वहीं प्रमोद मिश्रा ने बताया कि प्रशिक्षण को पूरी तरह व्यावहारिक रखा गया है, जिसमें चालकों को यात्रियों से बातचीत के दौरान उपयोग होने वाली मराठी सिखाई जा रही है।

राज्य परिवहन विभाग की ओर से 15 अगस्त से ऑटो रिक्शा और टैक्सी चालकों के लिए यात्रियों से मराठी में संवाद को अनिवार्य किए जाने के मद्देनजर यह पहल शुरू की गई है। भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा का कहना है कि अभियान को आगे भी जारी रखा जाएगा और अधिक से अधिक चालकों को इससे जोड़ा जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com