मुंबई(सं. भा.): उत्तर मुंबई के कांदिवली (पश्चिम) में स्थानीय नागरिकों और नेताओं ने शहरी नक्सलवाद के खात्मे और नागरिक अधिकारों के संरक्षण को लेकर एक भव्य जनसभा में भाग लिया। पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी के नेतृत्व में आयोजित इस सभा में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नागरिकों को जागरूक करने वाले आह्वान का ज़िक्र करते हए कहा गया कि नागरिक खुश तो सरकार खुश, इसलिए हम सभी को मिलकर नागरिकों के अधिकारों के लिए कार्य करना होगा।
दीपावली के अवसर पर सभा में भारी संख्या में लोग शामिल हुए, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि शहर के लोग अपने अधिकारों के संरक्षण और न्यायपूर्ण प्रशासन के लिए एकजुट हैं।
गोपाल शेट्टी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि शहरी नक्सलवाद का वास्तविक स्वरूप वे अधिकारी हैं, जो दशकों से यहां रहने वाले नागरिकों को बेघर करने जैसी लापरवाह कार्रवाइयाँ करते हैं। हमें एक होकर इसकी खिलाफत करनी होगी। उन्होंने लोगों से अपने अधिकारों की रक्षा के लिए आगे आकर सक्रिय होने का आह्वान किया।
सभा में विधायक संजय उपाध्याय, विधायक मनीषा ताई चौधरी, एडवोकेट जे पी मिश्रा, मोहन मिठबावकर, श्रीकांत पांडे और आर आर ठक्कर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।


