spot_img
Homeमुंबईराज ठाकरे का चुनाव आयोग पर बड़ा हमला

राज ठाकरे का चुनाव आयोग पर बड़ा हमला

“महाराष्ट्र की लिस्ट में 96 लाख फर्जी वोटर”

मुंबई(स भा) : महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए रविवार को कहा कि राज्य की मतदाता सूची में करीब 96 लाख फर्जी नाम जोड़े गए हैं। उन्होंने मांग की कि जब तक वोटर लिस्ट को “पूरी तरह शुद्ध” नहीं किया जाता, तब तक स्थानीय निकाय चुनाव स्थगित किए जाएं।

गोरेगांव में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ठाकरे ने कहा कि यह हेराफेरी “लोकतंत्र के साथ सबसे बड़ा छल” है। उन्होंने कहा, “अगर मतदाता सूची ही सही नहीं है तो चुनाव का परिणाम पहले से तय माना जाए।” राज ठाकरे ने यह भी आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे दल चुनाव आयोग के कामकाज में हस्तक्षेप कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया — “जब चुनाव आयोग स्वतंत्र संस्था है, तो सत्ताधारी दलों को इससे इतनी परेशानी क्यों है?”

मनसे प्रमुख ने दावा किया कि सिर्फ मुंबई में ही करीब आठ से दस लाख फर्जी मतदाता जोड़े गए हैं, जबकि ठाणे, पुणे और नासिक में भी प्रत्येक जिले में आठ से साढ़े आठ लाख फर्जी नाम शामिल किए गए हैं। उनका कहना था कि यह सिलसिला 2024 के विधानसभा चुनाव से पहले भी अपनाया गया था और अब स्थानीय चुनावों में दोहराया जा रहा है। राज ठाकरे ने कहा कि ऐसी छेड़छाड़ से क्षेत्रीय दलों को हाशिए पर धकेलने की साजिश चल रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर यह प्रवृत्ति नहीं रुकी तो मतदाताओं का भरोसा पूरी तरह खत्म हो जाएगा।

सभा के दौरान राज ठाकरे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक पुराना वीडियो भी दिखाया, जिसमें मोदी ने विपक्ष में रहते हुए चुनाव आयोग पर पक्षपात का आरोप लगाया था। ठाकरे ने कहा, “जो तब सवाल पूछ रहे थे, आज वही जवाब देने से बच रहे हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि ईवीएम और वोटर लिस्ट की गड़बड़ियां कोई नई बात नहीं हैं। “मैंने 2016-17 में ही कहा था कि जब तक ईवीएम और मतदाता सूची पारदर्शी नहीं होगी, तब तक चुनाव निष्पक्ष नहीं कहे जा सकते,” ठाकरे ने जोड़ा।

राज ठाकरे के गंभीर आरोपों के बाद चुनाव आयोग की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। राजनीतिक गलियारों में अब यह चर्चा तेज है कि क्या मनसे प्रमुख के इन दावों से महाराष्ट्र की चुनावी राजनीति में नया भूचाल आएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com