मीरा-भाईंदर (सं. भा.) : MBMC जल्द ही यहां रहने वाले दिव्यांगों को रोजगार के लिए स्टॉल देने जा रही है। इस खबर से मीरा-भाईंदर में रहने वाले दिव्यांगों में खुशी की लहर फैल चुकी है। मीरा-भाईंदर मनपा शहर में दिव्यांगों को रोजगार के लिए स्टॉल लगाने की योजना पर काम कर रही है। जल्द ही इस संबंध में नियमावली बना ली जाएगी और शहर के दिव्यांगों को स्टॉल आवंटित कर दिए जाएंगे। दिव्यागों के अलावा दूध के स्टॉल और गटई कामगारों को भी स्टॉल देने की योजना है।
मीरा-भाईंदर में पिछले कई साल से स्टॉल लगाने की इजाजत नहीं दी जा रही है। इससे दिव्यांगों पर रोजगार का संकट आ गया है। मनपा उपायुक्त संजय शिंदे ने बताया कि अब तक 46 जगहों को चिह्नित किया गया है। इन जगहों पर दिव्यांगों को स्टॉल लगाने की इजाजत दी जाएगी। इसके अलावा, अन्य जगहों का भी सर्वेक्षण कर स्टॉल लगाने की जगह को चिह्नित किया जाएगा।

शिंदे ने बताया कि स्टॉल लगाने के लिए आवेदन करना होगा। आवेदन पत्र से पात्र-अपात्र आवेदकों का चयन किया जाएगा। इसके बाद लॉटरी पद्धति से स्टॉल का आवंटन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आवेदन की प्रक्रिया और पात्र-अपात्र की वैधता से संबंधित जानकारी मनपा की वेबसाइट पर प्रकाशित की गई है।
हाल में मनपा ने शहर में वैध-अवैध स्टॉल के लिए एक सर्वेक्षण किया था। सर्वेक्षण में 240 से अधिक स्टॉल को अवैध पाया गया, जिसके बाद मनपा ने इस पर कार्रवाई भी शुरू की, लेकिन राजनीतिक दबाव में मनपा को पीछे हटना पड़ा।


