वाराणसी (सं.भा.)काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के भोजपुरी अध्ययन केन्द्र में महान साहित्यकार एवं प्रख्यात फिल्म गीतकार मोती बीए की 107वीं जयंती पर स्मृति-संगोष्ठी का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने उनके साहित्यिक और फिल्मी योगदान को याद करते हुए कहा कि हिन्दी सिनेमा में भोजपुरी भाषा को सम्मानजनक पहचान दिलाने का सबसे बड़ा श्रेय मोती बीए को जाता है।
राहुल सभागार में आयोजित संगोष्ठी की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार श्रीप्रकाश शुक्ल ने की, जबकि मुख्य वक्ता मनोज भावुक ने कहा कि वर्ष 1948 में प्रदर्शित फिल्म ‘नदिया के पार’ के भोजपुरी गीतों ने पूरे देश में इस भाषा को नई पहचान दिलाई। उन्होंने बताया कि मोती बीए ने करीब 80 फिल्मों के लिए गीत लिखे और लगभग 40 पुस्तकों के माध्यम से साहित्य को समृद्ध किया।
वक्ता विवेक निराला ने मोती बीए की साहित्यिक कृतियों और भोजपुरी भाषा के विकास में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। वहीं सूर्यनारायण सिंह ने उनके साथ जुड़े संस्मरण साझा किए। अध्यक्षीय उद्बोधन में श्रीप्रकाश शुक्ल ने कहा कि मोती बीए ने अपनी लेखनी से भोजपुरी को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठा दिलाई।
कार्यक्रम के अंत में भोजपुरी अध्ययन केन्द्र के समन्वयक प्रो. प्रभाकर सिंह ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। संगोष्ठी में बड़ी संख्या में शोधार्थियों, विद्यार्थियों और साहित्यप्रेमियों ने भाग लेकर मोती बीए को श्रद्धांजलि अर्पित की।


