फरवरी में निकलेगी लॉटरी
मुंबई (सं. भा.) महाराष्ट्र गृहनिर्माण क्षेत्र विकास प्राधिकरण (म्हाडा) द्वारा बनाये गए बिल्डिंग का कंस्ट्रक्शन घटिया स्तर का होने के कारण लोग घर लेने से कतराते थे। अब म्हाडा घरों के निर्माण में अपनी इमेज को मेकओवर कर रहा है। आम तौर पर म्हाडा इमारतों की क्वालिटी को देख कर लोग घरों को खरीदने से बचते रहे हैं, लेकिन म्हाडा अब घरों के निर्माण करने में निजी बिल्डरों को टक्कर दे रहा है। बेहतर आर्किटेक्ट, मैटेरियल का उपयोग कर उच्च क्वालिटी के हाउसिंग कांप्लेक्स का निर्माण कर रहा है। अगले महीने 4,000 घरों की लॉटरी निकालने जा रहा है। जिसमें 2,683 घर पहाड़ी गोरेगांव में तैयार किए गए हैं। विक्रोली, अंटापहिल, कन्नमवार नगर के अलावा छिटपुट घरों को भी इस लॉटरी में शामिल किया जाएगा।
2663 घरों की लॉटरी मार्च में: मुंबई के पहाड़ी गोरेगांव में निर्माणाधीन कांप्लेक्स में म्हाडा 6,000 से अधिक घरों का निर्माण कर रहा है। जिसमें अति निम्न आय वर्ग और निम्न आय वर्ग के लिए 7 इमारतों का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। मार्च महीने में 2663 घरों की लॉटरी निकालने जा रहा है। मुंबई में सस्ते घरों की आस लगाए बैठे नागरिकों के लिए घर खरीदने का मौका मिला है।

प्लाट ए, बी पर कई इमारतें तैयार: पहाड़ी गोरेगांव में निर्मित फ्लैटों का निरीक्षण करने के लिए म्हाडा ने पत्रकारों का दौरा आयोजित किया था। म्हाडा अपनी इमारतों में निजी बिल्डरों जैसा कंस्ट्रक्शन और एमनिटी की सुविधा उपलब्ध करा रहा है।
17 एकड़ में फैले पहाड़ी गोरेगांव में प्लाट ए और प्लाट बी पर कई इमारतें बन कर तैयार हैं, म्हाडा के गोरेगांव में बन रहे कांप्लेक्स में अतिनिम्न आय वर्ग के लिए 1947 फ्लैट और निम्न आय वर्ग के लिए 736 फ्लैट तैयार हैं। इसके अलावा अंटापहिल, विक्रोली, कन्नमवार नगर, दक्षिण मुंबई में 20% कोटे में मिले लगभग 1400 घरों को मिला कर कुल 4,000 घरों की लॉटरी फरवरी में निकलने वाली है।
क्वालिटी में निजी बिल्डरों को टक्कर
ये रहेंगी सुविधाएं
म्हाडा द्वारा बनाई जा रही इमारतों के कंस्ट्रक्शन में भारी बदलाव किया गया है। घरों में लगाए गए मुख्य दरवाजे 50 मिमी के हैं। यह शिर्के कंपनी द्वारा विकसित किए गए हैं। दरवाजे फायर प्रूफ बनाए गए हैं। दो घंटे तक इनमें आग नहीं पकड़ सकती है। वॉश बेसिन, किचन आदि में भी बढ़िया सामग्री का उपयोग किया गया है। फ्लोर और किचन की टाइल्स भी अच्छी क्वालिटी की लगाई गई है।
फायर सिस्टम
इमारत में फायर सिस्टम के अलावा प्रत्येक फ्लैट में फायर सिस्टम उपलब्ध कराया गया है। इससे आग लगने की स्थिति में तुरंत आग पर काबू पाया जा सकता है।
घरों की साइज
ईडब्ल्यूएस घरों के लिए 4 इमारतें बनाई गई हैं जो कि स्टिल्ट सहित 23 मंजिला हैं। इसमें प्रत्येक घर 322.60 वर्ग फुट के हैं। एलआईजी घरों के लिए भी 4 इमारत तैयार हैं। यह भी स्टिल्ट सहित 23 मंजिल की हैं। एलआईजी घरों का क्षेत्रफल 482.98 वर्गफुट रखा गया है।
स्विमिंग पूल, गार्डन की भी सुविधा
म्हाडा कांप्लेक्स में एमआईजी, एचआईजी इमारत 35 मंजिला है। म्हाडा इतिहास में पहले बार इतनी ऊंची इमारत बन कर तैयार हो रही है। यहां पर 3 मंजिला पोडियम पार्किंग, गार्ड, स्वीमिंग पूल की भी सुविधा उपलब्ध होगी।


