मुंबई (सं. भा.) । राज्य के चिकित्सा क्षेत्र के कोरोना योद्धाओ का एक समारोह में सम्मान किया गया। नगरविकास मंत्री और ठाणे जिले के पालक मंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि कोरोना काल के दौरान डॉक्टरों, चिकित्सा कर्मचारियों और गैर सरकारी संगठनों ने सराहनीय काम किया है। जिसकी जितनी प्रशंसा की जाए कम है. शिवसेना वैद्यकीय कक्ष और डॉ. श्रीकांत शिंदे फाउंडेशन द्वारा कोरोना महा संकट के दौरान काम करने वाले राज्य स्तरीय डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया था.
कार्यक्रम में मुंबई सहित राज्य के विभिन्न अस्पताल के डॉक्टरों मेडिकल स्टाफ, स्वास्थ्यकर्मियों और गैर-सरकारी संगठनों के साथ-साथ शिवसेना वैद्यकीय कक्ष के पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया. इस अवसर पर शिंदे ने कहा कि इन सभी ने कोरोना संकट के दौरान राज्य में एक उत्कृष्ट कार्य किया है। जिन्हे सम्मानित करने के लिए शिवसेना वैद्यकीय कक्ष और डॉ. श्रीकांत शिंदे फाउंडेशन का कार्य प्रशंसनीय है. पद्मश्री डॉ. तात्याराव लहाने ने ऑनलाइन सभी सम्मानित डाक्टरों को शुभकामना दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि शिवसेना मेडिकल कक्ष की तरफ से प्रकाशित मरीजों के लिए गाइड पुस्तक समाज सेवा में काम करने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं के लिए एक स्तंभ साबित होगा। इस अवसर पर ठाणे मनपा की महापौर मीनाक्षी ताई शिंदे, विभिन्न अस्पतालों के डॉक्टर, वैद्यकीय कक्ष के संयोजक मंगेश चिवटे आदि ने भी अपना विचार व्यक्त किया।


