मुंबई (सं. भा.) मालवणी में एक पिता को अपने नाबालिग बेटे को मोबाइल पर गेम खेलने से रोकना भारी पड़ गया। पिता द्वारा गेम खेलने से रोके जाने से गुस्साए 16 वर्षीय नाबालिग
बेटे ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली।
मालवणी पुलिस को नाबालिग द्वारा किए गए आत्महत्या की जानकारी अटलांटा अस्पताल के डॉक्टर द्वारा दी गई। सूचना पर अस्पताल पहुंची मालवणी पुलिस को पता चला कि नाबालिग युवक ने फांसी लगा कर आत्महत्या की है। इस मामले में पुलिस ने पिता का बयान दर्ज किया है। पिता ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा मोबाइल फोन पर गेम खेलने का आदी था। पिता ने कई बार उसे लंबे समय तक गेम न खेलने की चेतावनी दी थी। हाल ही में बेटे को मोबाइल पर गेम खेलता देख पिता को गुस्सा आ गया और उसने अपने बेटे को फिर से इस बारे में चेतावनी दी। इस पर बेटे ने पलटकर जवाब देते हुए पिता को चेताया कि अगर उसे गेम खेलने से रोका तो वह खुद को नुकसान पहुंचाएगा और गुस्से में उसने फांसी लगा कर खुदकुशी कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



