मोबाइल फोन आज हमारे लिए इतना ही आवश्यक हो गया है जितना कि सांस लेना। सुबह उठ कर पहला काम मोबाइल में फेसबुक, व्हाट्सएप चेक करना है। यह कुछ इस तरह से है जैसे हमें सुबह उठकर ईश्वर का आभार व्यक्त व करने के लिए कहा जाता है और रात को हम सोते समय भी आखरी झपकी उसी के नाम का लेते हैं। उस तरह से हम मोबाइल को अपने से चिपकाए रहते हैं। आलम यह है कि एक व्यक्ति के पास तीन – तीन मोबाइल पड़ा रहता है। पर क्या सच में फोन हमारे जीवन के लिए सांस लेने जैसा ही महत्वपूर्ण है? नहीं। जवाब होगा नहीं। मोबाइल जीवन का एक अंग जरूर है और महत्वपूर्ण है। पर इसके इस्तेमाल को लेकर हमें संतुलन साधने की आवश्यकता है। एक मशीन जो हमारे लिए अधिकतर मनोरंजन का साधन सिद्ध होता है, उसे हम दिन रात अपने से चिपकाए हुए रहते हैं अति सर्वत्र वर्जित है। इलेक्ट्रॉनिक मशीन के उपयोग से पर्यावरण और हमारा मानसिक और भौतिक क्षय बड़े पैमाने पर होता है। यह सर्वविदित है । आज समाचार पत्र में पढ़ा की चीन के बच्चों के लिए जिनकी उम्र 18 से कम है , वहां की सरकार ने एक नियम बनाया है जिसके तहत उन्हें सप्ताह में 3 घंटे से अधिक गेम नही खेलना है। जाहिर है ऐसा गेम्स के दुष्प्रभाव को रोकने के लिए किया गया है। अधिकतर एप चीन में ही बने होते हैं। चीन वैसे भी इंटरनेट और मोबाइल का सहारा लेकर के दुनिया का सुपर पावर बनने जा रहा है। इसी चाह में वह पूरी दुनिया में इंटरनेट और गेम्स का जाल बिछा रहा है। मानसिक रूप से मोबाइल फोन का इस्तेमाल बच्चों पर अत्यंत नकारात्मक असर डाल रहा है। एकाग्रता की कमी और किताबों से दूरी फोन से नजदीकी का ही परिणाम है। बच्चे मोबाइल के गेम्स के चक्कर में क्रिकेट खेलना भी भूल गए हैं गिल्ली – डंडा, कबड्डी, हॉकी, लट्टू आदि खेल नाम भी नहीं जानते होंगे आजकल के बच्चे। मोबाइल का इस्तेमाल मैं भी दिन भर करती हूं पर मैं अपने बच्चे को इस मायावी दुनिया से दूर रखना चाहती हूं। पर किसी भी बहाने से वो दो एक घंटे यू–ट्यूब देख लेता है। यू– ट्यूब और गूगल पर पूरी दुनिया एक फोन में समा गई है। बच्चे, बूढ़े या वयस्क कोई भी हो वह हमेशा अपनी दुनिया को बनाने के प्रति सजग नहीं रहते। अतः फोन में अवांछित क्लिप खासकर अश्लील सामग्री की पहुंच बच्चे, बड़े सभी तक है। भारतीय समाज जहां पश्चिम की तरह सेक्स के प्रति मनोवैज्ञानिक तथा प्राकृतिक उदारता के दृष्टिकोण नहीं रहे हैं वहां के लिए ऐसे सामग्रियों का हाथों-हाथ उपलब्ध होना विकृत मानसिकता का पोषक कहा जा सकता है। मोबाइल फोन के आने से महिलाओं को निश्चित तौर पर अभिव्यक्ति की आजादी का मौका मिला है। और वह अपनी पहुंच पूरे समाज तक बनाने में सक्षम हुई है। पर सोशल मीडिया की लत और फैशन के अंधानुकरण से परिवार का माहौल भी व्यक्तिवाद तक सीमित रह गया है। साड़ी और मेकअप ब्रांड का मोबाइल फोन में उपलब्ध होना घर की आर्थिक स्थिति खस्ताहाल करने के लिए पर्याप्त है। सबसे बड़ी चिंता है वेब सीरीज के माध्यम से परोसे गए अश्लीलता से। सामाजिक स्तर पर लोगों की मानसिक विकृति को पोषित करना, बलात्कार और छेड़खानी जैसे घटनाओं में बढ़ोतरी के लिए उतरदायी है। सामाजिक दंभ जो महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना का दावा करते हैं, वो भी खत्म होता नजर आ रहा। बच्चों का अपने परिवार तथा पर्यावरण से कटाव, मानसिक तनाव तथा आंखों में कई तरह की दिक्कतों का शुरू होना। अतः चीन की तरह हमारी सरकार को भी भारतीय लोगों की सुरक्षा तथा संतुलन के लिए मोबाइल के घुसपैठ को लेकर कड़े नियम बनाने पड़ेंगे तथा समाज के जिम्मेदार लोगों को भी इस संदर्भ में जागरूकता फैलाने की आवश्यकता होगी। हमें इस संदर्भ में विचार करने की जरूरत है, खास कर विद्यालय में शिक्षकों और अभिभावकों को मिल कर मंत्राणा करना होगा।
निवेदिता रश्मि- छपरा, बिहार


