ठाणे (सं. भा.) : राज्य सरकार की ओर से महिलाओं और बच्चों के समग्र विकास के लिए स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। ठाणे जिले में गर्भवती महिलाओं और एक वर्ष तक के बच्चों की सुरक्षा के लिए एक नई योजना ‘किलकारी’ और इच्छुक आशा सेविका के लिए एक मोबाइल अकादमी शुरू की गई है। जिला परिषद के मुताबिक, अप्रैल और मई महीनों में ठाणे जिले के शहरी क्षेत्रों में 6 हजार 418 गर्भवती महिलाओं और ग्रामीण क्षेत्र की 21 हजार 620 गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण किया गया था।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गंगाधर पारगे ने बताया कि ‘किलकारी’ योजना एक केंद्रीकृत इंटरेक्टिव वॉयस रिस्पॉन्स (आईवीआर) आधारित मोबाइल स्वास्थ्य सेवा है। गर्भावस्था, प्रसव और बच्चे की देखभाल पर 72 ऑडियो संदेश भेजे जाते हैं। ये संदेश गर्भावस्था के दूसरे तिमाही से एक वर्ष की आयु तक सीधे परिवारों के पंजीकृत सेल फोन पर भेजे जाते हैं। उन्होंने बताया कि इसके लिए लाभार्थी महिलाएं और उनके परिजन पंजीकृत मोबाइल नंबर 14423 पर संपर्क कर सकते हैं।

जिला मातृ एवं शिशु देखभाल अधिकारी स्वाति पाटील ने बताया कि गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण उनके ही मोबाइल से किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ठाणे जिले की एक हजार 123 आशा सेवकों को ऑनलाइन प्रशिक्षण प्रदान किया गया है, जो उनके काम में उपयोगी होगा। आशा सेवकों के लिए एक पंजीकृत टेलीफोन नंबर 14429 उपलब्ध कराया गया है। ‘किलकारी’ का टेलीफोन नंबर 0124-4451660 है।


