मुंबई (सं. भा.) – मुंबई महानगरपालिका ने शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए 100 धूल सक्शन मशीनें खरीदने का निर्णय लिया है। ये मशीनें पानी का छिड़काव करने के साथ-साथ सड़कों पर उड़ने वाली धूल को खींचने में सक्षम होंगी, जिससे प्रदूषण कम होगा। ये मशीनें बैटरी से संचालित होंगी, जिससे पर्यावरण को अतिरिक्त नुकसान नहीं होगा।
मनपा अधिकारियों के अनुसार, शहर में चल रहे बड़े निर्माण कार्यों और यातायात की वजह से सड़कों पर धूल का स्तर लगातार बढ़ रहा है। वाहनों की गति और हवा के दबाव से यह धूल वातावरण में फैलकर प्रदूषण बढ़ा रही है। इसे नियंत्रित करने के लिए मनपा जल्द ही टेंडर जारी करेगी और इन मशीनों की खरीदारी की प्रक्रिया शुरू करेगी।
फिलहाल मनपा द्वारा सड़कों की सफाई के लिए यांत्रिक झाड़ू का उपयोग किया जाता है, लेकिन इन नई सक्शन मशीनों से सफाई व्यवस्था और अधिक प्रभावी होने की उम्मीद है।


