मुंबई (सं. भा.) मुंबई के खार इलाके में नए साल की पार्टी के दौरान एक 19 वर्षीय लड़की की हत्या कर देने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान जान्हवी कुकरेजा के रूप में हुई है। इस संबंध में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है साथ ही एक कपल श्री जोगधनकर और दीया पाडणकर को गिरफ्तार करके पुलिस पुछताछ कर रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना खार के भगवती हाइट्स में हुई है। 31 दिसंबर की रात में पार्टी का आयोजन किया गया था। यह आयोजन इमारत की छत पर किया गया था।
बताया जाता है कि, जान्हवी ने इसी बीच कपल को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। यह कपल जान्हवी के ही पड़ोस में रहते हैं। इसके बाद कपल और जान्हवी के बीच बहस छिड़ गई। इसी दौरान श्री जोगधनकर और दीया पाडणकर ने जान्हवी को पीटा और उसके बाल पकड़ कर उसे दूसरी मंजिल पर खींच लाए। उन्होंने जान्हवी से हाथापाई की, जिससे जान्हवी छत से गिर गई और उसकी मौत हो गई। पुलिस को अब तक इमारत की नींव पर खून के धब्बे भी मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भाभा अस्पताल ले जाया गया और पुलिस आगे की जांच कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक, शुरुआत में पुलिस ने मामले में सुसाइड का मामला जानकर ADR दर्ज किया था, लेकिन बाद में तहकीकात करने के बाद एडीआर को एक मर्डर का चार्ज लगाकर केस में बदल दिया गया और कपल पर हत्या के लिए मामला दर्ज किया गया।


