spot_img
Homeउत्तर प्रदेशनदी में नहाने के दौरान तीन किशोर डूबे

नदी में नहाने के दौरान तीन किशोर डूबे

दो की मौत, एक को बचाया

फतेहपुर (सं. भा.) । जिले के दो अलग अलग थाना क्षेत्र के गांव के तीन किशोर अलग अलग स्थानों में नदी में नहाते समय डूब गये। इस घटना में एक को स्थानीय गोताखोरों ने नदी से सुरक्षित निकाल लिया जबकि दो किशोरों की पानी के अंदर दम घुटने की वजह से दर्दनाक मौत हो गई। दोनों मृतकों के शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के खजुरिहापुर गांव के दो किशोर अमन पुत्र श्रीराम (17) वर्षीय व शुभम पुत्र प्रताप (14) वर्षीय रविवार को गंगा दशहरा के अवसर पर गंगा नहाने थाना क्षेत्र के ही नौबस्ता गंगा घाट गये थे जहां अधिक गहराई में चले जाने से दोनों किशोर नदी में डूब गये। किशोरों को नदी में डूबते देख घाट पर मौजूद स्थानीय गोताखोरों ने आनन फानन में नदी के अंदर छलांग लगा दी। उन लोगों ने लगभग डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद नदी में डूबे किशोरों में शुभम को सुरक्षित बाहर निकाल लिया जबकि अमन की पानी के अंदर दम घुटने से मौत हो चुकी थी। घाट पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने घटना की सूचना मृतक के स्वजनों को देते हुए नदी से सुरक्षित बाहर निकाले गए शुभम को पुलिस वैन से तुरंत इलाज के लिए नजदीक के सीएचसी में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार होने पर डॉक्टरों ने घर भेज दिया। वहीं मृतक अमन के शव को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसी प्रकार मलवां थाना क्षेत्र के आदमपुर घाट पर नहाते समय कोराई गांव निवासी किशोर हर्षित नदी में डूब गया। स्थानीय गोताखोरों ने तलाश शुरू की तो लगभग तीन घण्टे की कड़ी मशक्कत के बाद उसे पानी के अंदर से निकालने में सफल हुए लेकिन तब तक किशोर हर्षित की मौत हो चुकी थी। घाट पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने मृतक के स्वजनों को घटना के बाबत सूचित करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आकस्मिक घटित घटना में हुई किशोरों की मौत की खबर पाते ही स्वजनों में हाहाकार मच गया। वहीं गंगा दशहरा होने की वजह से लोग हादसे के बाद पुलिस व प्रशासन द्वारा नदियों के घाटों पर किये गए सुरक्षा इंतजाम के दावों को लेकर भी सवालिया निशान लगाते रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com