- मिलेगी राहत
मुंबई (सं. भा.) विद्यार्थियों को बड़ी राहत देते हुए एसटी महामंडल ने स्कूल- कॉलेज में ही एसटी बस का पास वितरण करने का निर्णय लिया है। एसटी महामंडल के इस निर्णय से विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है। अब छात्रों को एसटी कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। विद्यार्थियों को उनके स्कूल-कॉलेज में ही एसटी बस पास का वितरण किया जाएगा। इस संबंध में एसटी के सभी स्थानीय कार्यालयों को सूचित कर दिया गया है। यह जानकारी एसटी महामंडल के उपाध्यक्ष व प्रबंध निदेशक डॉ. माधव कुसेकर ने दी है। इस अभिनव योजना से राज्य भर के लाखों विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।

एसटी महामंडल ने 18 जून से एसटी पास सीधे आपके स्कूल में नामक एक विशेष अभियान चलाने का फैसला किया है। सभी स्कूल- कॉलेजों के प्रीसिंपल और मुख्यध्यापकों को पत्र लिखकर नए शैक्षणिक वर्ष से विद्यार्थियों की सूची तैयार करने कहा गया है। शैक्षणिक वर्ष 2024- 25 के स्कूल- कॉलेज शुरू हो गए हैं। राज्य सरकार ने विद्यार्थियों को स्कूल- कॉलेज आने जाने के लिए एसटी की बसों में यात्रा करने के लिए 66% की छूट दी है। विद्यार्थी केवल 33% भुगतान करके मासिक पास प्राप्त कर सकते हैं। पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होलकर योजना के तहत बारहवीं तक पढ़ने वाली सभी छात्राओं को मुफ्त में एसटी पास वितरित किया जाता है।


