spot_img
Homeमुंबईमालाड में सीसी रोड पर लापरवाही भारी पड़ी

मालाड में सीसी रोड पर लापरवाही भारी पड़ी

  • इंजीनियर को नोटिस

मुंबई (सं.भा.) मालाड पश्चिम के दादी सेठ मार्ग परिसर में सीसी रोड के कार्य में लापरवाही सामने आने के बाद बीएमसी प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सुरक्षा मापदंडों की अनदेखी पर अतिरिक्त मनपा आयुक्त (परियोजना) अभिजीत बांगर ने संबंधित इंजीनियर को नोटिस जारी कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

मुंबई और उपनगरों में सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए सीसी रोड का काम तेज गति से चल रहा है। दादी सेठ रोड और मालाड शॉपिंग सेंटर के पास गुरुवार देर रात निरीक्षण के दौरान बांगर ने पाया कि सड़क पर खुदाई होने के बावजूद केवल एक ओर ही बैरिकेडिंग की गई थी और एक चेंबर खतरनाक रूप से खुला पड़ा था। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए उन्होंने इंजीनियर को नोटिस जारी कर सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया।

बांगर ने दोहराया कि चाहे कार्य की जिम्मेदारी ठेकेदार की हो, लेकिन उस पर नियंत्रण बनाए रखना इंजीनियर का कर्तव्य है। सभी इंजीनियरों को पहले ही फील्ड पर रहकर कार्य का निरीक्षण करने के निर्देश दिए जा चुके हैं।

एमएमआर क्षेत्र में 31 मई 2025 तक सीसी रोड कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य तय किया गया है। बांगर ने यह भी कहा कि जहां संभव न हो, वहां कम-से-कम जंक्शन से जंक्शन तक का कार्य पूरा किया जाए ताकि सड़क समतल रहे और यातायात प्रभावित न हो।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यस्थलों पर सूचना बोर्ड और क्यूआर कोड स्कैन करने की सुविधा नागरिकों के लिए उपलब्ध होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एक क्यूआर कोड स्कैन कर उसकी जानकारी का भी सत्यापन किया। साथ ही निर्देश दिया कि जहां भी काम पूरा हो चुका है, वहां थर्मोप्लास्टिक मार्किंग, जेब्रा क्रॉसिंग, कैट आई और पीले ग्रिड चौराहों पर लगाए जाएं।

सड़क कार्यों की गुणवत्ता और नागरिक सुरक्षा को प्राथमिकता देने के लिए बीएमसी ने यह कदम उठाया है, ताकि कोई हादसा न हो और कार्य समयसीमा में पूर्ण हो सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com