- सोने-चांदी के 207 आभूषणों की नीलामी
मुंबई (सं. भा.) श्री सिद्धिविनायक गणपति मंदिर ट्रस्ट द्वारा गुढी पाडवा के पावन अवसर पर मंदिर में चढ़ाए गए सोने-चांदी के आभूषणों की सार्वजनिक नीलामी रविवार सुबह 11 बजे आयोजित की गई। इस नीलामी में कुल 207 स्वर्ण आभूषणों और चांदी के विशेष सिक्कों को बोली के लिए रखा गया, जिसमें भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
नीलामी में श्रीगणेश की प्रतिमा, लॉकेट्स, दूर्वा, मोदक, अंगूठी, सोने की चैन और हार जैसे कई चढ़ावे शामिल थे। साथ ही 999 शुद्धता वाले 11 ग्राम, 21 ग्राम और 51 ग्राम के चांदी के सिक्के, जिन पर एक ओर मंदिर की प्रतिकृति और दूसरी ओर ‘श्री’ की छवि अंकित थी, भी बिक्री के लिए प्रस्तुत किए गए।
यह नीलामी श्री सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री सदानंद सरवणकर और कोषाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। ट्रस्ट द्वारा स्पष्ट किया गया कि चढ़ावे की नीलामी से प्राप्त धनराशि का उपयोग समाज कल्याण के कार्यों में किया जाएगा, विशेष रूप से स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में। इस पहल ने एक बार फिर सिद्ध किया कि श्रद्धा से चढ़ाया गया दान जनसेवा का सशक्त माध्यम बन सकता है।


