मुंबई। अगले साल मार्च महीने में राजस्थान के पुष्कर तीर्थक्षेत्र में दुनिया भर से एक करोड़ ब्राह्मणों के एकत्र होने का दावा किया जा रहा है। जहां स्वामी प्रखर जी महाराज के सानिध्य नें 1400 विद्वान ब्राह्मणों द्वारा 200 कुंडीय विराट शत गायत्री पुरश्चरण महायज्ञ होगा। इन एक करोड़ ब्राह्मणों के इसी आयोजन में एकत्रित होने का दावा किया जा रहा है। स्वामी प्रखर जी महाराज ने बताया कि गायत्री पुरश्चरण महायज्ञ पूरे 43 दिन तक चलेगा। वह भायंदर पश्चिम स्थित माहेश्वरी भवन में एकत्रित ब्राह्मणों की सभा को संबोधित कर रहे थे।
स्वामी प्रखर जी महाराज ने कहा कि विश्वव्यापी आतंकवाद के निर्मूलन, हिंदू राष्ट्र निर्माण और विश्व शांति के लिए गायत्री पुरश्चरण महायज्ञ होने जा रहा है। सृष्टि के रचयिता श्री ब्रह्माजी के एकमात्र मंदिर ब्रह्मतीर्थ पुष्कर में मणिवेदिका पीठ स्थित गायत्री शक्ति पीठ में गायत्री पुरश्चरण महायज्ञ अगले वर्ष 08 मार्च से प्रारंभ होकर 19 अप्रैल तक चलेगा। जिसमें देश विदेश से एक करोड़ ब्राह्मण इस अनुष्ठान का हिस्सा होंगे। भारत राष्ट्र में सनातन धर्म की रक्षा व पुनर्स्थापना के लिए होने वाले इस महायज्ञ में 200 भाग्यशाली ब्राह्मण इसके यजमान होंगे। महाराज ने बताया कि एक पुरश्चरण में 24 लाख गायत्री मंत्रों का जप होता है। इस तरह से 100 पुरश्चरण में 24 करोड़ गायत्री मंत्रों का जप होगा। जिसके दशांश हवन होगा। इस प्रकार इस महायज्ञ में कुल 27 करोड़ गायत्री मंत्रों का प्रयोग होगा। हवन के लिए यज्ञशाला में 200 यज्ञ कुंडों का निर्माण होगा। उन्होंने बताया कि पूर्वकाल में महामुनि विश्वामित्र ने सृष्टि कर्म के परिवर्तन हेतु शत गायत्री पुरश्चरण महायज्ञ इसी पुष्कर तीर्थ में कराया था। जिसके फलस्वरूप विश्व सृष्टि में परिवर्तन आया। जिसका प्रमाण हमें पुराणों में विश्वामित्र के चरित्र से प्राप्त होता है।
स्वामी प्रखरजी महाराज ने कहा कि इस शत गायत्री पुरश्चरण महायज्ञ से जो शक्तिशाली आध्यात्मिक ऊर्जा (ब्राह्मी शक्ति) सृजित होगी, उससे भारत सहित संपूर्ण विश्व के धर्म विरुद्ध आचरण करने वालों का मन अवश्य परिवर्तित होगा, जिसके परिणाम स्वरूप वे स्वतः ही सनातनी बन जाएंगे। उन्होंने कहा कि भारत सहित संपूर्ण विश्व में विविध प्रकार के उपद्रवों से भय, अशांति एवं आतंकवाद का वातावरण व्याप्त हे। भय युक्त अशांत वातावरण से धर्मवान सज्जन भी अत्यंत भयभीत और चिंतित हैं, क्योंकि जिस प्रकार से सनातन धर्म को कुठाराघात पहुंचाने का कुत्सित प्रयास चल रहा है उससे समस्त सनातन धर्मी व्यथित हैं। शत गायत्री पुरश्चरण महायज्ञ से ही अशांत वातावरण और इन चिंताओं को दूर किया जा सकता है। उन्होंने ब्राह्मणों का आह्वान किया कि वे अपने भीतर छुपी शक्ति को पहचाने और भुला दिए गए अपने कर्मों का निर्वहन करें, जिससे विश्व में शांति और सौहार्द्र का वातावरण तैयार होगा।
ब्राह्मणों की इस सभा में भगवान परशुराम का जयघोष बार – बार गूंजता रहा। इस अवसर पर बाल ब्रह्मचारी गुण प्रकाश जी ने भी अपना मंतव्य व्यक्त किया।


