वाराणसी (सं.भा.) देश के सबसे चर्चित धार्मिक एवं न्यायिक विवादों में शामिल काशी विश्वनाथ-ज्ञानवापी प्रकरण में आपसी सहमति से समाधान निकालने की कोशिशों को फिलहाल झटका लगा है। सुप्रीम कोर्ट की पहल पर प्रस्तावित मध्यस्थता प्रक्रिया में मुस्लिम पक्ष ने शामिल होने से इनकार कर दिया है। इसके बाद अब इस विवाद के समाधान की दिशा में न्यायिक प्रक्रिया पर ही सभी की नजरें टिक गई हैं।
ज्ञानवापी मस्जिद का प्रबंधन करने वाली अंजुमन इंतजामिया मसाजिद कमेटी ने स्पष्ट किया है कि वह प्रस्तावित मध्यस्थता बैठक में भाग नहीं लेगी। कमेटी के संयुक्त सचिव एस. एम. यासीन की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि सुप्रीम कोर्ट की ओर से भेजा गया निमंत्रण बाध्यकारी नहीं है। कमेटी ने विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि वह इस प्रक्रिया का हिस्सा नहीं बनेगी और अपने पक्ष को केवल न्यायालय में ही रखेगी।
सुप्रीम कोर्ट ने मामले में प्रत्यक्ष फैसला देने के बजाय दोनों पक्षों के बीच संवाद के माध्यम से समाधान तलाशने के उद्देश्य से विशेष लोक अदालत और मध्यस्थता प्रक्रिया का सुझाव दिया था। इसके तहत 14 जुलाई को वाराणसी जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में प्रारंभिक बैठक तथा 21 से 23 अगस्त तक विशेष लोक अदालत आयोजित करने की योजना बनाई गई थी, ताकि दोनों पक्षों के बीच बातचीत का रास्ता निकाला जा सके।
फिलहाल काशी विश्वनाथ-ज्ञानवापी परिसर से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर वाराणसी की अदालतों और इलाहाबाद हाईकोर्ट में अनेक वाद लंबित हैं। इनमें श्रृंगार गौरी पूजा, परिसर के सर्वेक्षण, तहखानों से जुड़े मामले तथा अन्य दीवानी वाद शामिल हैं। मुस्लिम पक्ष के मध्यस्थता से अलग रहने के फैसले के बाद अब इस बहुचर्चित विवाद का अगला चरण न्यायालय की कार्यवाही पर ही निर्भर रहेगा।
वाराणसी के बहुचर्चित ज्ञानवापी विवाद में मध्यस्थता पर नहीं बनी सहमति
RELATED ARTICLES


