spot_img
Homeमुंबईभूकंप नहीं, पाइलिंग से हिले घर बीएमसी ने बढ़ाए सुरक्षा उपाय

भूकंप नहीं, पाइलिंग से हिले घर बीएमसी ने बढ़ाए सुरक्षा उपाय

मुंबई (सं.भा.): शहर की महत्वाकांक्षी कोस्टल रोड परियोजना के तहत बोरीवली के चारकोप सेक्टर 8 में शुरू किए गए पाइलिंग कार्य के दौरान स्थानीय नागरिकों ने भूकंप जैसे झटके महसूस किए। अचानक हुए कंपन से इलाके में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। बाद में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ये झटके भूकंप के नहीं, बल्कि निर्माण कार्य के कारण उत्पन्न हुए थे।

घटना के बाद रहिवासियों ने स्थानीय विधायक संजय उपाध्याय से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। विधायक की पहल पर बीएमसी और कोस्टल रोड परियोजना अधिकारियों के साथ आपात बैठक आयोजित की गई, जिसमें सुरक्षा उपायों पर विस्तृत चर्चा हुई। एहतियात के तौर पर निर्माण कार्य को अस्थायी रूप से रोका गया और आवश्यक सावधानियों के साथ आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।

प्रशासन ने निर्माण स्थल के चारों ओर 15 फीट ऊंची बाउंड्री शीट लगाने, ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए कार्य का समय सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक सीमित रखने और पर्यावरण संरक्षण के तहत पेड़ों को सुरक्षित रखने का निर्णय लिया है। साथ ही, आसपास की इमारतों का स्ट्रक्चरल ऑडिट कराने और स्थानीय नागरिकों के साथ समन्वय के लिए संयुक्त कम्युनिकेशन ग्रुप बनाने की बात कही गई है।

प्रेस वार्ता में विधायक संजय उपाध्याय ने कहा कि परियोजना के दौरान नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। जिन इमारतों के समीप निर्माण कार्य प्रस्तावित है, उनका पहले स्ट्रक्चरल ऑडिट कराया जाएगा और विशेषज्ञ एजेंसियों से भवनों की संरचनात्मक जांच सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कार्य के दौरान किसी भी रहिवासी को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि कोस्टल रोड परियोजना के काम के दौरान सुरक्षा, पर्यावरण संतुलन और यातायात प्रबंधन के सभी मानकों का कड़ाई से पालन किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com