फतेहपुर (सं. भा.) : राष्ट्रीय बालिका दिवस पर रविवार को एक घंटे के लिए डीएम और एसपी पद मेधावी बेटियों ने संभाला। दोनों ने जनता का दुख और दर्द जाना, सरकारी योजनाओं का लाभ सब तक पहुंचाने की इच्छाशक्ति दिखाई। दोपहर दो से तीन बजे के बीच डीएम और एसपी के पद पर काम करके इन बेटियों ने जिला स्तरीय अफसरों के साथ बैठक कर सुधार के अनेक सुझाव दिए।
हाईस्कूल परीक्षा में प्रदेश मेरिट में आठवां स्थान पाने वाली राधानगर निवासी भानवी द्विवेदी को डीएम अपूर्वा दुबे ने अपना पदभार सौंपा। भानवी ने अफसरों के साथ बैठक की और जनता की शिकायतें सुनीं। सीडीओ को गांव से शहर तक सफाई व्यवस्था और गरीबों को सर्दी से बचाने के लिए अलाव जलवाने के निर्देश दिए। उसने सहायक श्रमायुक्त को श्रम व रोजगार तो समाज कल्याण अधिकारी केएस मिश्र, जिला प्रोबेशन अधिकारी राजेश कुमार को उनके विभाग की योजनाओं से संबंधित आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। सरस्वती बाल मंदिर रघुवंशपुरम में कक्षा 11 की छात्रा हिमांशी विश्वकर्मा को एक घंटे के लिए एसपी सतपाल अंतिल ने अपना पद सौंपा। हिमांशी ने पुलिस कर्मियों की मीटिग में सवाल दागा कि महिला अपराध की रोकथाम के लिए क्या सुविधा और संसाधन हैं। सीओ सिटी और कोतवाली प्रभारी ने बताया कि वूमेन पावर लाइन, शक्ति हेल्पडेस्क, एंटी रोमियों स्क्वायड टीम महिला अपराधों पर अंकुश लगा रही है।
किसी को सहयोग और सुविधा के लिए वक्त या विशेषता नहीं बल्कि उसकी जरूरत देखी जाती है। रविवार को इसी ध्येय के साथ अधिवक्ता सुधाकर अवस्थी और सभासद दिवाकर अवस्थी ने भृगुधाम भिटौरा में संत विज्ञानानंद के सानिध्य में 151 महिलाओं को साड़ी व बर्तन भेंट कर सहयोग प्रदान किया। आयोजकों ने कहा, कार्यक्रम को करके और महिलाओं को साड़ी व बर्तन देकर सुकून की अनुभूति हो रही है। उनके पिता स्व. धनंजय अवस्थी व माता स्व. शिवकुमारी अवस्थी हमेशा समाज के लिए तत्पर रहते थे और उनके बताए गए रास्ते पर चलते हुए वह भी कार्य कर रहे हैं। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष मिश्रा, नगर पालिका चेयरमैन प्रतिनिधि हाजी रजा, पूर्व चेयरमैन अजय अवस्थी, राकेश त्रिवेदी आदि रहे।


