नाशिक (सं. भा.) महाराष्ट्र के नाशिक जिले के किसानों को प्याज रुला रहा है। इसका कारण है प्याज के कम कीमत मिलना। कम कीमतों के कारण मुश्किलों का सामना कर रहे किसानों ने केंद्र सरकार से मांग की है कि या तो उन्हें उनकी फसल का उचित मूल्य दिया जाए या फिर उन्हें आत्महत्या करने की इजाजत दी जाए। किसानों ने प्याज की कम कीमतों की वजह से कठिनाइयों का सामना करने की शिकायत की और आरोप लगाया कि उनके लिए अपनी उपज बेचने के बाद प्याज उगाने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली राशि की वसूली करना भी मुश्किल हो गया है।
एक किसान ने कहा कि मंडी में प्याज 300-400 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा है। मैंने पहले ही 3.5 लाख रुपये खर्च कर दिए हैं। मैं अब 1 लाख रुपये भी नहीं बना पाऊंगा। हम अपने बच्चों के लिए 10 रुपये की चॉकलेट खरीदने के बारे में सोच भी नहीं सकते। मुझे नहीं पता कि इस मुद्दे से कैसे निपटा जाए।


