फतेहपुर (सं.भा.): भगवान परशुराम को शौर्य, न्याय और तप का प्रतीक माना जाता है। उनके आदर्श आज भी समाज को दिशा देने का काम करते हैं। इन्हीं मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से फतेहपुर में परशुराम जन्मोत्सव भव्य रूप से मनाया गया, जहां आस्था और सामाजिक जागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला।
अमौली विकास खंड के कौॅह गांव में परिवर्तन फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं साध्वी निरंजन ज्योति का ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता फाउंडेशन के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व विधायक आदित्य पांडेय ने की, जबकि विधायक सरोज कुरील विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
इस अवसर पर बकेवर से जहानाबाद होते हुए काँह गांव तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें सजे-धजे रथ, ढोल-नगाड़ों और शंखध्वनि के साथ हजारों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।
अपने संबोधन में साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि भगवान परशुराम के आदर्श समाज को मजबूत बनाने की प्रेरणा देते हैं और युवाओं को अपनी संस्कृति से जुड़े रहने की आवश्यकता है।
वहीं आदित्य पांडेय ने अपने सामाजिक कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि वे लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में जनसेवा, शिक्षा के प्रसार, जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने का काम करते हैं और युवाओं को सकारात्मक दिशा देते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। देर शाम तक “जय परशुराम” के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा।
भव्य शोभायात्रा और भंडारे के साथ मनाया गया परशुराम जन्मोत्सव
RELATED ARTICLES


