- नए वेरिएंट से BMC सतर्क
मुंबई (सं.भा.): पुणे में मिले कोरोना के नए वेरिएंट BA.4 और BA.5 को लेकर बीएमसी सतर्क हो गई है. बीएमसी ने एयरपोर्ट पर आने वाले विदेशी यात्रियों की जांच बढ़ा दी है. बीएमसी स्वास्थ्य विभाग पिछले दो साल से कोरोना के विभिन्न वेरिएंट को रोकने के लिए काम कर रहा है. कोरोना के नए वेरिएंट को रोकने के लिए बीएमसी ने कमर कस ली है. मुंबईकर पिछले दो साल से कोरोना वायरस से त्रस्त हैं. इन दो वर्षों में कोरोना की तीन लहरें आ चुकी हैं, जिन्हें रोकने में मनपा सफल रही है. कोरोना का प्रकोप कम होने के कारण मुंबई सहित राज्य भर में प्रतिबंधों को हटा लिया गया था. लेकिन एक बार फिर मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है. जहां मरीजों की संख्या बढ़ रही है, वहीं बीजे मेडिकल कॉलेज, पुणे के सहयोग से की गई जेनोमिक जांच की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक पुणे में BA.4 वेरिएंट के चार मरीज और BA.5 वेरिएंट के तीन मरीज मिले हैं. इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एजुकेशन एंड रिसर्च (IISER) द्वारा जेनेटिक टेस्टिंग से ये नए वेरिएंट सामने आए हैं. इंडियन बायोलॉजिकल डाटा सेंटर ने भी नये वेरिएंट की पुष्टि की है. इसलिए राज्य के स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट कर दिया गया है. स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बताया कि कोरीना के नये वेरिएंट से संक्रमित सभी सात मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है. मनपा की कार्यकारी स्वास्थ्य अधिकारी मंगला गोमारे ने बताया कि पुणे में नया वेरिएंट मिलने के बाद मुंबई मनपा स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट कर दिया गया है. यह वेरिएंट तेजी से फैलता है. गोमारे ने कहा कि अस्पताल में भर्ती मरीजों की मृत्यु दर कम है. मुंबई में ओमिक्रॉन के कारण तीसरी लहर आई थी. तीसरी लहर पर काबू पा लिया गया है. नए वेरिएंट के लिए किसी खास तैयारी की जरूरत नहीं होगी. जो व्यवस्था तीसरी लहर में थी, वह आज भी है. मनपा का स्वास्थ्य विभाग ओमिक्रॉन के इस नए संस्करण को रोकने के लिए तैयार है.
मुंबई में 375 नए मरीज
मुंबई में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है. रविवार को मुंबई में कोरोना के 375 नये मरीज मिले. हालांकि किसी भी मरीज की मौत नहीं हुई. मुंबई में सक्रिय मरीजों की संख्या 2070 हो गई है. अब तक 19,566 मरीजों की मौत हो चुकी है.
एयरपोर्ट पर बढ़ी यात्रियों की जांच
RELATED ARTICLES


