- कचरा लाने पर तोड़फोड़ की चेतावनी
ठाणे (सं. भा.) – ठाणे के सीपी तालाब स्थित कचरा संग्रह केंद्र से उठने वाली दुर्गंध और बढ़ती गंदगी ने स्थानीय नागरिकों को आक्रोशित कर दिया है। शुक्रवार को कचरे के ढेर में आग लगने के बाद पूरे क्षेत्र में धुआं और बदबू फैल गई, जिससे हालात और बिगड़ गए।
यह कचरा डंपिंग केंद्र उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के विधानसभा क्षेत्र वागले इस्टेट में स्थित है। शिंदे समर्थकों ने चेतावनी दी है कि अगर यहां और कचरा लाया गया तो गाड़ियों को तोड़ दिया जाएगा।

स्थानीय लोगों का लंबे समय से विरोध जारी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कुछ महीने पहले मनपा आयुक्त सौरभ राव ने क्षेत्र को कचरा मुक्त बनाने की घोषणा की थी, मगर स्थिति जस की तस बनी हुई है।
शुक्रवार को लगी आग के बाद सांसद नरेश म्हस्के, पूर्व नगरसेवक राम रेपाले, एकनाथ भोईर और प्रकाश शिंदे मौके पर पहुंचे और नाराज नागरिकों के साथ मनपा अधिकारियों को खदेड़ दिया। लोगों ने आरोप लगाया कि मनपा की ओर से कचरे पर कोई रासायनिक छिड़काव नहीं किया जाता, जिससे बदबू और प्रदूषण बढ़ता जा रहा है।


