मुंबई (सं.भा.): महानगर की जीवनरेखा मानी जाने वाली मुंबई की उपनगरीय लोकल ट्रेनों में महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए जल्द ही विशेष ‘पिंक कोच’ शुरू किए जाने की योजना पर काम तेज हो गया है। राज्य सरकार इस प्रस्ताव को लागू करने के लिए जल्द ही मुंबई रेलवे विकास कॉरपोरेशन (एमआरवीसी) को पत्र भेज सकती है।
सूत्रों के अनुसार यह व्यवस्था मुंबई उपनगरीय रेलवे की सेंट्रल, वेस्टर्न और हार्बर तीनों लाइनों पर लागू करने पर विचार किया जा रहा है। मुंबई की लोकल ट्रेनों में हर दिन लाखों महिलाएं काम, पढ़ाई और अन्य कारणों से सफर करती हैं। लेकिन पीक ऑवर के दौरान भारी भीड़, धक्का-मुक्की और सीमित जगह के कारण उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में ‘पिंक कोच’ की शुरुआत महिलाओं को अपेक्षाकृत सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का माहौल देने के उद्देश्य से की जा रही है।
इस प्रस्ताव को लेकर पहले भी पहल की जा चुकी है। वेस्टर्न रेलवे ने एसी लोकल ट्रेनों में महिलाओं के आरक्षित डिब्बों को गुलाबी रंग से सजाने का प्रयोग किया था, जिसे महिला यात्रियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली थी। इसके बाद भाजपा विधायक चित्रा वाघ ने महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को ध्यान में रखते हुए समर्पित ‘पिंक कोच’ शुरू करने की मांग उठाई थी।
बताया जा रहा है कि मुंबई अर्बन ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट के तहत खरीदी जा रही नई लोकल ट्रेनों में महिलाओं के आरक्षित डिब्बों को गुलाबी रंग और विशेष संकेतों के साथ अलग पहचान देने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इससे महिलाओं को भीड़भाड़ के बीच अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिल सकेगा।
मुंबई लोकल में जल्द दिखेंगे ‘पिंक कोच’, महिलाओं की यात्रा होगी और सुरक्षित
RELATED ARTICLES


