spot_img
Homeमुंबईकांदिवली में प्लेटिंग कारखाने और पानी का खेल

कांदिवली में प्लेटिंग कारखाने और पानी का खेल

जेई सूरज पवार पर ‘नल काटो–नल जोड़ो’ से वसूली के आरोप

मुंबई (स भा): कांदिवली क्षेत्र में चल रहे प्लेटिंग कारखानों ने भ्रष्टाचार और पर्यावरण दोनों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि मनपा के वॉटर डिपार्टमेंट में तैनात जूनियर इंजीनियर सूरज पवार ने इन कारखानों से वसूली का एक संगठित तंत्र खड़ा कर रखा है। यह पूरा खेल ‘नल काटो–नल जोड़ो’ के नाम से इलाके में कुख्यात हो चुका है।
स्थानीय कारखाना मालिकों का कहना है कि सुबह मनपा की टीम उनके अवैध कनेक्शन काट देती है और शाम को मोटी रकम लेकर उन्हें जोड़ देती है। कांदिवली के वार्ड क्रमांक 31 की गली नंबर 6 में स्थित कई प्लेटिंग कारखाने बाकायदा मोटर लगाकर अवैध रूप से पानी खींचते हैं। इन कारखानों की शिकायतें बार-बार की गईं, लेकिन कार्रवाई के बजाय वसूली का धंधा चलता रहा।
इस पूरे रैकेट में स्थानीय प्लंबरों की भी गहरी संलिप्तता बताई जा रही है। पवार ने क्षेत्र के कुछ प्लंबरों को साथ मिलाकर एक टीम बना रखी है। यही टीम शिकायतें खड़ी करती है, नल काटने का नाटक करती है और फिर उन्हीं कनेक्शनों को जोड़ने का ठेका लेकर वसूली सुनिश्चित करती है। इलाके के लोगों का कहना है कि यह सिलसिला महीनों से चल रहा है और हर बार रकम देने के बाद ही पानी बहाल किया जाता है।


प्लेटिंग कारखानों की यह गतिविधि केवल भ्रष्टाचार तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण पर भी सीधा असर डाल रही है। इन कारखानों में पानी का भारी उपयोग होता है और इसके साथ निकलने वाले रसायन आसपास के जलस्रोतों और जमीन को प्रदूषित कर रहे हैं। दूसरी ओर, अवैध कनेक्शन और मोटरों के जरिए खींचे जा रहे पानी की वजह से स्थानीय बस्तियों में जल संकट गहराता जा रहा है।
गंभीर सवाल यह है कि जब सरकार स्वयं प्रदूषण मुक्त उद्योग और स्वच्छ जल की बात करती है, तो कांदिवली के ये प्लेटिंग कारखाने किसके संरक्षण में चल रहे हैं। जेई सूरज पवार पर लगे आरोपों ने मनपा प्रशासन की नीयत और कार्यप्रणाली दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाल ही में इसी विभाग के एक अधिकारी को एसीबी ने रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा था, लेकिन इसके बावजूद पवार का यह कथित खेल बिना रोक-टोक जारी है।
कांदिवली के लोगों की सीधी मांग है कि इस मामले पर तुरंत उच्चस्तरीय जांच की जाए और जेई सूरज पवार पर कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही क्षेत्र में चल रहे अवैध प्लेटिंग कारखानों की भी जांच कर उनके पानी के स्रोत और पर्यावरणीय प्रभावों का आकलन किया जाए। यदि अब भी प्रशासन ने आंखें मूंद लीं, तो यह न केवल भ्रष्टाचार का मामला रह जाएगा बल्कि एक गहरा पर्यावरणीय संकट भी साबित होगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com