फतेहपुर (सं.भा.): कानपुर–प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित अतिव्यस्त चौडगरा कस्बा जाम की समस्या से बुरी तरह जूझ रहा है। हालात यह हैं कि रोज़ाना शाम होते ही यहां वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं और राहगीरों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, चौडगरा ओवरब्रिज के नीचे और घुमावदार मोड़ के पास डग्गामार वाहनों का आड़े-तिरछे खड़ा होना जाम का मुख्य कारण है। संकरी सड़क और चारों दिशाओं से आने वाले भारी वाहनों के चलते स्थिति और भी विकट हो जाती है।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि जाम लगने वाले स्थान से महज 100 मीटर की दूरी पर पुलिस चौकी बनी हुई है, इसके बावजूद न तो डग्गामार वाहनों पर कोई ठोस कार्रवाई होती है और न ही यातायात को सुचारु करने के प्रयास दिखाई देते हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि डग्गामार वाहनों से कथित वसूली के चलते पुलिस की ओर से सख्त कार्रवाई नहीं की जाती, जिससे ये वाहन बेखौफ होकर सड़क पर खड़े रहते हैं और रोज़ाना जाम की स्थिति पैदा होती है। लोगों का कहना है कि कई बार घंटों तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंचती।
जाम के चलते स्कूली बच्चे, नौकरीपेशा लोग, एंबुलेंस और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन भी फंस जाते हैं। कस्बावासियों का कहना है कि यह समस्या अब रोज़मर्रा की बन चुकी है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग से मांग की है कि चौडगरा क्षेत्र में नियमित पुलिस तैनाती, डग्गामार वाहनों पर सख्त कार्रवाई और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।


