अस्पताल उद्घाटन पर भिड़े कार्यकर्ता
मुंबई (सं.भा.): मनपा चुनाव नजदीक आते ही मालवणी में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सात साल से अटके नए केईएम अस्पताल (नागरिक स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र) के उद्घाटन के मौके पर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच रिबन काटने को लेकर टकराव हुआ, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस को स्थिति नियंत्रण में लाने के लिए सुरक्षा बढ़ानी पड़ी और अधिकारियों ने सीधे हस्तक्षेप किया।
मालवणी गेट नंबर-७ पर दोनों दलों के कार्यकर्ता जमकर नारेबाजी और एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप में व्यस्त रहे। उद्घाटन के समय कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा (भाजपा) और स्थानीय विधायक व पूर्व मंत्री असलम शेख (कांग्रेस) ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर अस्पताल को जनता के लिए समर्पित किया। यह अवसर दोनों दलों के नेताओं के लिए एक मंच साझा करने वाला भी बन गया, जबकि पिछले कुछ दिनों से उनके बीच तीखी बयानबाजी जारी थी।
सात वर्षों में तैयार हुए केईएम अस्पताल का संचालन शुरू होने के साथ ही स्थानीय लोगों को सुविधाजनक और बेहतर स्वास्थ्य सेवा मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। राजनीतिक टकराव के बीच भी अधिकारियों और पुलिस की तत्परता के कारण उद्घाटन समारोह सुरक्षित और शांतिपूर्ण रूप से संपन्न हुआ।
नए अस्पताल की शुरुआत से मालवणी और आसपास के इलाकों के नागरिकों को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं तक आसान पहुंच मिलेगी, और वर्षों से लंबित स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को पूरी तरह दूर करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


