वसई (सं. भा.) – वसई-पश्चिम में दत्तानी मॉल के पीछे स्थित झोपड़ियों में भीषण आग लग गई, जिसमें 30 से ज्यादा झोपड़ियां जलकर खाक हो गईं। इस हादसे ने गरीब मजदूरों का जीवन तबाह कर दिया, जो दिहाड़ी मजदूरी कर किसी तरह अपना गुजर-बसर कर रहे थे।
शनिवार रात को अचानक झोपड़ियों में आग लगने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत वसई-विरार महानगरपालिका की दमकल को सूचना दी। ताम तलाव से दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए सनसिटी और नवघर फायर स्टेशन से भी दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। कड़ी मशक्कत के बाद लगभग दो घंटे में आग पर काबू पाया गया।

हालांकि, इस भीषण आग में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन 30 से ज्यादा झोपड़ियां जलकर खाक हो गईं, जिससे गरीब परिवारों के सिर से छत छिन गई। आग का सही कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।
वसई-विरार और पालघर जिले में खेती-किसानी और रोज़गार की तलाश में आए कई मजदूर झोपड़ियां बनाकर रहते हैं। ये मजदूर खुले इलाकों में बसेरा कर जो भी काम मिलता है, उसी से अपना जीवन यापन करते हैं। लेकिन इस आग में उनके घर, सामान और जीवनभर की जमा-पूंजी जलकर राख हो गई, जिससे उनका जीवन पूरी तरह बर्बाद हो गया है।


