फतेहपुर (सं.भा.): आपातकालीन हालात में त्वरित पुलिस सहायता को और प्रभावी बनाने की दिशा में फतेहपुर पुलिस को बड़ी मजबूती मिली है। यूपी-112 बेड़े में सात नई अत्याधुनिक स्कॉर्पियो वाहनों के शामिल होने से अब रिस्पॉन्स टाइम में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
पुलिस लाइन परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने नई यूपी-112 स्कॉर्पियो वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नए वाहनों की तैनाती मुख्य रूप से शहर और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में की जाएगी, जहां त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया की सबसे अधिक आवश्यकता रहती है।
एसपी ने बताया कि आधुनिक संसाधनों से लैस ये वाहन आपातकालीन कॉल पर तेजी से पहुंच सुनिश्चित करेंगे, जिससे न केवल रिस्पॉन्स टाइम घटेगा बल्कि पीड़ितों को शीघ्र और बेहतर सहायता मिल सकेगी। उन्होंने मौजूद पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि वाहनों का रखरखाव उच्च स्तर का रखा जाए और जनता से संवाद के दौरान संवेदनशीलता व जिम्मेदारी का परिचय दिया जाए।
जनपद में लगातार बढ़ते यातायात दबाव और आपात स्थितियों को देखते हुए इस पहल को पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक महेन्द्र पाल सिंह, क्षेत्राधिकारी लाइन गौरव शर्मा, प्रभारी यूपी-112 राम केवल पटेल समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।


