मुंबई (सं. भा.) : रेलवे में एसआरपीएफ जवान की नौकरी करने वाले की नकली फेसबुक एकाउंट बनाकर उसके एक रिश्तेदार को ठग लिए जाने की घटना प्रकाश में आई है। यह पैसा फेसबुक मैसेंजर के माध्यम से मांगे जाने की बात सामने आई है।
गौरतलब है कि गोरेगांव रेलवे स्टेशन पर तैनात एसआरपीएफ के जवान मनोहर दगा पाटील (22) और उसके रिश्तेदार के साथ घटित हुई है।
कांदिवली पूर्व, समता नगर स्थित उत्तर प्रादेशिक साइबर सेल के अधिकारी विनोद कनावजे के अनुसार एक चीटर ने एसआरपीएफ जवान मनोहर पाटील के फेसबुक एकाउंट के तर्ज पर नकली एकाउंट बना लिया । बाद में फेसबुक मैसेंजर के माध्यम से चीटर ने मनोहर बनकर उसके रिश्तेदारों से किसी के बीमार होने के बहाने पैसे की मांग की। चीटर के झांसे में मनोहर का चचेरा भाई भुषण पवार आ गया जो गुजरात में रहता है। मनोहर बन कर चीटर ने छह बार में कुल 1 लाख रुपए भुषण से बंधन बैंक के एकाउंट में मँगवा लिए। इतने पैसे देने के बाद भुषण को इल्म हुआ कि मनोहर से फोन कर पुछा जाए कि किसकी तबीयत खराब है जिसे वह मदद करना चाहता है। जब मनोहर ने उसे बताया कि उसने तो उससे कोई पैसे मांगे ही नही हैं तब भूषण के पैरों तले से जमीन खिसक गई। तब 21मई को मनोहर ने उत्तर प्रादेशिक साइबर सेल में खुद के नाम से की गई चीटिंग का मामला दर्ज करा दिया। मामले की जांच में जुटे पीएसआई संदीप शिवाले, पुलिस नाईक गणेश अहिरे ने तुरंत बंधन बैंक में चीटर के एकाउंट को सीज कर दिए। इस प्रकार मनोहर के एक लाख रुपए भी वापस दिलाने में उत्तर मुंबई साइबर सेल कामयाब रही।


