पालक मंत्री आशीष शेलार ने दिए SRA पात्रता जांच के निर्देश
मुंबई (स भा)। मालाड के जानू भोये नगर के निवासियों के लिए एक उम्मीद की किरण जगी है, जो स्लम रिहैबिलिटेशन अथॉरिटी (SRA) योजना में अपात्र घोषित कर दिए गए थे। पालक मंत्री आशीष शेलार ने अब इन रहवासियों की पात्रता जांच के निर्देश दिए हैं। यह कदम बांद्रा स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में हुई एक महत्वपूर्ण बैठक के बाद उठाया गया, जिसकी पहल क्षेत्र में सक्रिय पूर्व नगरसेवक विनोद मिश्र ने की थी।
दरअसल, पूर्व नगरसेवक विनोद मिश्र ने आरोप लगाया था कि पहाड़ी वाले इस इलाके में कई घर ऊंचाई के कारण अपात्र घोषित कर दिए गए हैं, जिससे हजारों परिवार अपने सपनों के घर से वंचित रह गए। इस बैठक में सिर्फ SRA पात्रता ही नहीं, बल्कि मालाड से जुड़े कई अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा हुई। इनमें नए राशनिंग ऑफिस, बीएमसी के नए वार्ड ऑफिस, और संस्कार कॉलेज से हाईवे तक बन रहे रास्ते में आने वाले स्लम के पुनर्वासन जैसे मुद्दे शामिल थे, जिन पर सकारात्मक निर्देश दिए गए।
इस बैठक में नगर विकास सचिव असीम गुप्ता, कलेक्टर सौरभ कटियार, और डिप्टी म्युनिसिपल कमिश्नर भाग्यश्री कापसे जैसे वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे, जो इस बात का संकेत है कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है।


