प्रमोद कुमार
डोंबिवली(स भा): मानपाड़ा पुलिस ने निलजे गांव स्थित एक मराठी प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक को नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, प्रधानाध्यापक छात्रा के साथ बार-बार अश्लील हरकतें करता था और विरोध करने पर उसे विद्यालय से निकालने की धमकी भी देता था। इस कारण छात्रा गुमसुम रहने लगी। घरवालों द्वारा पूछताछ करने पर उसने पूरी घटना का खुलासा किया।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। डोंबिवली के एसीपी सुहास हेमाडे ने बताया कि आरोपी प्रधानाध्यापक के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल मानपाड़ा पुलिस आगे की जांच कर रही है।


