मुंबई (सं. भा.) बीएमसी प्रशासन मालाड पूर्व के शांताराम तालाब को आदर्श तालाब के रूप में विकसित कर रहा है। करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये खर्च कर इस तालाब का कायापलट होगा। तालाब परिसर में जॉगिंग, योग स्पेस, लाइब्रेरी और विविंग डेक बनाया जा रहा है। इसे अगले महीने तक आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
वॉर्ड के असिस्टेंट कमिश्नर किरण दीघावकर ने कहा इको फ्रेंडली होगा तालाब : पी नार्थ के सहायक मनपा आयुक्त किरण दीघावकर ने बताया कि शांताराम तालाब परिसर में एक पिकनिक स्पॉट की तर्ज पर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं । बीजेपी नेता विनोद मिश्रा ने कहा कि यह ऐतिहासिक तालाब है, लेकिन देखरेख की कमी और लापरवाही के कारण यह तालाब बदहाली का शिकार हो गया था। वर्ष 2018 से इसके सौंदर्यीकरण पर जोर दिया जा रहा है। वर्ष 2019 में राज्य सरकार ने इस तालाब को बीएमसी के हवाले कर दिया। मार्च के आखिर तक और 15 अप्रैल तक इसे तालाब को आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। इस तालाब में मछलियां और बड़ी संख्या में कछुए हैं। तालाब को पूरी तरह से इको फ्रेंडली और नैचरल बनाया गया है।

मल्टी मॉडल के रूप में हो रहा विकसित:
मालाड पूर्व में स्थित इस तालाब को मल्टी मॉडल के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां ग्रीन स्पेस, मेडिटेशन एरिया, प्ले इक्यूपमेंट, प्ले एरिया, ग्रीन रूफ गजेबो, रेन कार्टन वॉल, वेट लैंड, सुरक्षा दीवार, पशु-पक्षियों की अनोखी कलाकृतियां, ग्लो गार्डन, एम्पी थिएटर, लाइब्रेरी और पढ़ने के लिए अलग से जगह उपलब्ध कराया गया है। गणपति विसर्जन के लिए स्पेशल घाट भी बनाया गया है।
उपलब्ध होंगी कई सुविधाएं: शांताराम तालाब में प्रवेश के लिए ग्रैंड एंट्रेन्स गेट बनाया गया है। तालाब के किनारे पर युवाओं और सीनियर सिटिजंस के लिए योग स्पेस भी है, जहां एकसाथ सैकड़ों लोग योगाभ्यास कर सकते हैं। तालाब के किनारे बड़ी संख्या में पेड-पौधे और फूल लगाए गए हैं। इसे पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां कैंटिलिया डेक का भी निर्माण किया गया है, जहां खड़े होकर लोग तालाब का नजारा देख सकेंगे, सेल्फी ले सकेंगे। इसे पैथवे और सॉफ्ट स्पेस के बीच निर्मित किया गया है।


