spot_img
Homeमहाराष्ट्रएआई से छेड़छाड़ पर श्रुति हासन सख्त

एआई से छेड़छाड़ पर श्रुति हासन सख्त

मुंबई (सं.भा.)आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते दुरुपयोग के बीच अभिनेत्री श्रुति हासन ने अपने व्यक्तित्व और छवि के संरक्षण के लिए कानूनी कदम उठाया है। अभिनेत्री ने बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर एआई से तैयार किए गए फर्जी (डीपफेक) वीडियो, मॉर्फ्ड तस्वीरों और आपत्तिजनक डिजिटल सामग्री को हटाने के निर्देश देने की मांग की है। उनका आरोप है कि इस तरह की सामग्री में उन्हें अन्य कलाकारों के साथ झूठे और रोमांटिक रिश्तों से जोड़कर पेश किया जा रहा है।

याचिका में श्रुति हासन ने कहा है कि उनकी अनुमति के बिना एआई तकनीक का इस्तेमाल कर उनकी तस्वीरों और पहचान का दुरुपयोग किया जा रहा है। साथ ही फर्जी विज्ञापनों और अनधिकृत व्यावसायिक सामग्री के जरिए उनके पर्सनैलिटी और पब्लिसिटी राइट्स का भी उल्लंघन हो रहा है।

बॉम्बे हाईकोर्ट ने अभिनेत्री को इस मामले में वाणिज्यिक मुकदमा (कमर्शियल सूट) दायर करने की अनुमति दे दी है, जिसके तहत वह अपने बौद्धिक संपदा (इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी) और व्यक्तित्व अधिकारों के उल्लंघन का दावा कर सकती हैं। मामले में अंतरिम राहत को लेकर जल्द सुनवाई होने की संभावना है।

गौरतलब है कि इससे पहले अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन, ऐश्वर्या राय बच्चन, रश्मिका मंदाना, अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी भी एआई डीपफेक और पहचान के दुरुपयोग के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर चुके हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com