योगी ने विपक्ष पर साधा निशाना
सहारनपुर(स भा): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को सहारनपुर पहुँचे और विपक्ष पर जमकर हमला बोला। कई विकास योजनाओं का लोकार्पण करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हाल ही में आए कोर्ट के फैसले यह साबित करते हैं कि समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस जैसी पार्टियाँ आतंकवादियों को संरक्षण देती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा जहाँ एक ओर विरासत के संरक्षण के लिए संकल्पित है, वहीं दूसरी ओर विकास पर भी ध्यान दे रही है। इसी कड़ी में माँ शाकंभरी देवी कॉरिडोर का निर्माण हो रहा है, जिससे देश भर के श्रद्धालु किसी भी मौसम में यहाँ आ सकेंगे। उन्होंने कहा कि महाकुंभ में लाखों श्रद्धालुओं के आने से कांग्रेस और उसके सहयोगी दल परेशान हैं, क्योंकि वे सनातन धर्म का वैभव बढ़ता देख खुश नहीं हैं।
योगी आदित्यनाथ ने सपा और कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आतंकी वारदातों के बाद ये दल आतंकियों को बचाने के लिए आगे आते हैं। उन्होंने महाराष्ट्र के मालेगांव मामले का जिक्र किया, जहाँ कांग्रेस की तत्कालीन सरकार ने हिंदुओं को अभियुक्त बनाया था। उन्होंने इस कृत्य को राष्ट्रद्रोह की श्रेणी में रखा और कहा कि यह देश के खिलाफ एक अपराध था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस आतंकवादियों को क्लीन चिट देती है और सुरक्षा बलों के पराक्रम पर सवाल उठाती है।


