राहुल मिश्रा/ कानपुर: छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय के गेट पर आर्य नगर विधानसभा के सपा विधायक अमिताभ बाजपेई और कैंट विधानसभा के सपा विधायक हसन रूमी ने अपने दर्जनों समर्थकों के साथ भ्रष्टाचार के आरोपी कुलपति विनय पाठक पर सरकार का संरक्षण मिलने के विरोध में धरना दिया। विधायक अमिताभ बाजपेई ने कुलपति विनय पाठक की फोटो के ऊपर नोटों की माला चढ़ाई और आगे खड़ाऊ रखकर माखौल उड़ाया कि कानपुर और आगरा विश्वविद्यालय उनकी खड़ाऊ के सहारे चल रहे हैं जबकि कुलपति विनय पाठक भ्रष्टाचार के मामले में फरार हैं।

आप को बता दें की वर्तमान कुलपति प्रोफ़ेसर विनय पाठक के पास कानपुर और आगरा दोनों विश्वविद्यालय का चार्ज है और इन पर अति गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत है। कुलपति पर लखनऊ के इंदिरा नगर थाने में करोड़ों रुपए के शासकीय धन के दुरुपयोग का मामला दर्ज है। इस मामले की जांच पार्टी द्वारा की जा रही है। लखनऊ के शिक्षण संस्थान एकेटीयू में कुलपति के पद पर रहते हुए पाठक ने बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार किया था। सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने उत्तर प्रदेश की महामहिम राज्यपाल को कुलपति विनय पाठक के तत्काल निलंबन और गिरफ्तारी की मांग करते हुए ज्ञापन दिया। यह ज्ञापन राज्यपाल के एडीसीपी पश्चिम लाखन यादव ने लिया है।


