spot_img
Homeअन्यलोकल में शराब पीकर सफर करने वालों पर हो सकती है सख्त...

लोकल में शराब पीकर सफर करने वालों पर हो सकती है सख्त कार्रवाई

मुंबई (सं.भा.) लोकल ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे पुलिस सख्ती की तैयारी में है। हाल ही में चलती लोकल ट्रेन में हुई हत्या की घटना के बाद रेलवे पुलिस नशे की हालत में सफर करने, हंगामा करने और अन्य यात्रियों से विवाद करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की योजना बना रही है। ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने वाले यात्रियों पर जुर्माना लगाने के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।

रेलवे पुलिस अधिकारियों के अनुसार, लोकल ट्रेनों और रेलवे परिसरों में ‘ड्रंक एंड ट्रैवल’ के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा सकता है। इस दौरान स्टेशनों और ट्रेनों में संदिग्ध यात्रियों की जांच की जाएगी। यदि कोई यात्री शराब के नशे में यात्रा करता या अन्य यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा में बाधा पहुंचाता मिला, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

रेलवे पुलिस का कहना है कि पिछले कुछ समय से लोकल ट्रेनों में यात्रियों के बीच झगड़े, मारपीट और विवाद की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। कई मामलों में शराब के नशे को इसकी प्रमुख वजह माना गया है। इसी को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।

रेलवे पुलिस की एसीपी मनीषा रावखंडे ने कहा कि लोकल ट्रेन में नशे की हालत में यात्रा करना यात्रियों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है। ऐसे मामलों पर रोक लगाने के लिए विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा। यदि कोई यात्री नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ जुर्माना लगाने के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com