मुंबई (सं.भा.)जिंदगी के हर मुश्किल दौर में जो इंसान को हिम्मत देता है, वह है मां का विश्वास और साथ। इसी भावना को बयां करते हुए अभिनेता सनी देओल ने अपनी आने वाली फिल्म ‘बंटवारा 1947’ को अपनी मां और दुनिया की हर मां को समर्पित किया है।
बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल ने सोशल मीडिया पर अपनी मां के साथ एक भावुक तस्वीर साझा करते हुए अपने दिल की बात कही। उन्होंने लिखा, “मेरी मां ही मेरा रब है। मेरा प्यार, मेरा हौसला और मेरी ताकत हैं।” सनी देओल ने कहा कि फिल्म ‘बंटवारा 1947’ वह अपनी मां और दुनिया की हर मां को समर्पित करते हैं।
आमिर खान प्रोडक्शंस की इस फिल्म में सनी देओल मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन मशहूर निर्देशक राजकुमार संतोषी कर रहे हैं। फिल्म का ट्रेलर जल्द रिलीज होने वाला है।
सनी देओल ने फिल्म को सेंसर बोर्ड से बिना किसी कट के ‘ए’ सर्टिफिकेट मिलने पर भी खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि ‘बंटवारा 1947’ इंसानियत, प्यार और संघर्ष की कहानी है, जिसे दर्शक 14 अगस्त 2026 से सिनेमाघरों में देख सकेंगे।
भारत के विभाजन के दर्द और उस दौर से जुड़े मानवीय रिश्तों को दर्शाने वाली इस फिल्म में शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, करण देओल, अली फजल और अभिमन्यु सिंह जैसे कलाकार नजर आएंगे।
खास बात यह है कि करीब 30 साल बाद सनी देओल और राजकुमार संतोषी की जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी कर रही है। ‘बंटवारा 1947’ को लेकर दर्शकों में काफी उत्सुकता देखने को मिल रही है।


