एक साल तक चलेगा शहरव्यापी अभियान
मुंबई (सं.भा.): शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वास्थ्यकर बनाने के उद्देश्य से बीएमसी ने शहरव्यापी स्वच्छता अभियान की शुरुआत करने का ऐलान किया है। इस पहल के तहत जनवरी 2026 से दिसंबर 2026 तक पूरे एक साल के लिए ‘स्वच्छता मंथन’ नामक व्यापक स्वच्छता प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसका उद्देश्य साफ-सफाई को केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी न मानकर जनआंदोलन का रूप देना है।
यह प्रतियोगिता बृहन्मुंबई महानगरपालिका के घनकचरा प्रबंधन विभाग की ओर से संचालित की जाएगी और इसमें बीएमसी के सभी वार्डों के साथ-साथ झोपड़पट्टी क्षेत्र, आवासीय संकुल, व्यावसायिक प्रतिष्ठान, सरकारी व निजी अस्पताल, स्कूल, रेस्टोरेंट, सामुदायिक शौचालय, सड़कें, उद्यान, खुले मैदान, बाजार परिसर और आसपास के क्षेत्रों को शामिल किया गया है। पूरे शहर में स्वच्छता के स्तर, कचरा पृथक्करण, सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई और नागरिक सहभागिता जैसे मानकों पर नियमित रूप से मूल्यांकन किया जाएगा।
प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न श्रेणियों में बेहतर प्रदर्शन करने वालों को कुल 4 करोड़ 20 लाख रुपये के नकद पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। वार्ड श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 50 लाख रुपये, द्वितीय को 25 लाख रुपये और तृतीय स्थान पर रहने वाले को 15 लाख रुपये दिए जाएंगे, जबकि आवासीय संकुल, झोपड़पट्टी परिसर, वाणिज्यिक प्रतिष्ठान, अस्पताल, स्कूल, रेस्टोरेंट, सामुदायिक शौचालय, सड़क या मार्ग, उद्यान, खुले स्थान और बाजार परिसर जैसी अन्य श्रेणियों में प्रथम पुरस्कार 15 लाख रुपये, द्वितीय 10 लाख रुपये और तृतीय पुरस्कार 5 लाख रुपये निर्धारित किया गया है। इसके अलावा आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छता के लिए गोद लेने वाले विशेष वर्ग को भी इसी पैमाने पर पुरस्कृत किया जाएगा।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबईकरों, सामाजिक संगठनों और निजी संस्थाओं से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। बीएमसी आयुक्त भूषण गगरानी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यह प्रतियोगिता पूरे शहर में प्रभावी, पारदर्शी और परिणामोन्मुखी तरीके से लागू की जाए, ताकि स्वच्छता को लेकर स्थायी बदलाव लाया जा सके। प्रतियोगिता का समापन दिसंबर 2026 में होगा और इसके बाद मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री की उपस्थिति में भव्य पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अभियान को और व्यापक समर्थन मिलने की उम्मीद है, क्योंकि अभिनेता अक्षय कुमार ने भी इससे जुड़ने की इच्छा जताई है।


