अंधेरी स्टेशन पर चलाया गया जागरूकता अभियान
मुंबई (सं.भा.): रेलवे परिसरों और लोकल ट्रेनों में महिलाओं के साथ छेड़छाड़, धक्का-मुक्की और असुरक्षा की घटनाएं आए दिन सामने आती रहती हैं। इन्हीं हालातों को ध्यान में रखते हुए महिला यात्रियों की सुरक्षित और निर्भय यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है। इसी कड़ी में मुंबई के अत्यधिक भीड़भाड़ वाले अंधेरी रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की ओर से विशेष महिला जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस अभियान का नेतृत्व अंधेरी आरपीएफ के एएसआई देवेंद्र कुमार एवं एएसआई ललित कुमार त्रिपाठी ने अपने स्टाफ के साथ किया। अभियान के दौरान ऑपरेशन महिला सुरक्षा के तहत अकेले अथवा समूह में यात्रा कर रही महिला यात्रियों से संवाद कर उन्हें यात्रा के दौरान सतर्क रहने, किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तुरंत सहायता लेने और उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्थाओं का सही उपयोग करने की जानकारी दी गई।
आरपीएफ अधिकारियों ने महिला यात्रियों से अपील की कि यदि यात्रा के दौरान किसी भी तरह की छेड़छाड़, असुविधा या खतरे की स्थिति उत्पन्न हो तो वे बिना किसी संकोच के रेल प्रशासन की हेल्पलाइन 7229034690 पर तुरंत संपर्क करें। इसके साथ ही महिलाओं को “मेरी सहेली” अभियान की जानकारी देते हुए बताया गया कि आपात स्थिति में ऑन ड्यूटी आरपीएफ एवं जीआरपी स्टाफ हर समय उनकी सहायता के लिए मौजूद है।
यह संपूर्ण महिला सुरक्षा जागरूकता अभियान आरपीएफ निरीक्षक राजीव सिंह सलारिया के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। अभियान का मुख्य उद्देश्य महिला यात्रियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाना, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना और रेलवे यात्रा को अधिक सुरक्षित बनाना रहा।


