spot_img
Homeउत्तर प्रदेशमाघ मेले में तिरंगा फहराया, पर संगम स्नान से दूरी बनाए स्वामी...

माघ मेले में तिरंगा फहराया, पर संगम स्नान से दूरी बनाए स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद

विशेष संवाददाता

प्रयागराज (सं.भा.): उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे माघ मेले के दौरान प्रशासन से जारी विवाद के बीच गणतंत्र दिवस पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने तिरंगा फहराकर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया, लेकिन संगम स्नान और अपने शिविर में प्रवेश को लेकर उनका विरोध अब भी कायम है। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने स्पष्ट किया है कि जब तक पुलिस-प्रशासन उनके साथ हुए कथित दुर्व्यवहार को लेकर सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगता, तब तक वे न तो संगम स्नान करेंगे और न ही शिविर के भीतर जाएंगे।

26 जनवरी को स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने अपने शिविर के बाहर साधु-संतों और समर्थकों के साथ ध्वजारोहण किया। इस दौरान राष्ट्रगान भी गाया गया। हालांकि, वह पिछले कई दिनों से शिविर के बाहर ही धरने पर बैठे हुए हैं और माघ मेले की प्रमुख धार्मिक गतिविधियों से दूरी बनाए हुए हैं।

मौनी अमावस्या के दिन हुए विवाद के बाद से स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और मेला प्रशासन के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन की ओर से उन्हें नोटिस जारी किया गया है और उनकी पदवी को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। इस पूरे मामले ने राजनीतिक रूप ले लिया है। विपक्षी दल प्रदेश सरकार पर हमलावर हैं, जबकि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सार्वजनिक रूप से स्वामी से संवाद के जरिए समाधान निकालने की अपील की है। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का आरोप है कि पुलिस और प्रशासन ने उनके साथ अनुचित व्यवहार किया। उनका कहना है कि सम्मान और मर्यादा के सवाल पर वे किसी भी दबाव में झुकने वाले नहीं हैं। इस मुद्दे को लेकर संत समाज के भीतर भी मतभेद उभरकर सामने आए हैं।

इस बीच 24 जनवरी की शाम माघ मेला क्षेत्र के सेक्टर-4 में स्थित उनके शिविर के पास कथित रूप से असामाजिक तत्वों द्वारा नारेबाजी और अव्यवस्था फैलाने की घटना सामने आई। इस संबंध में प्रशासन को लिखित शिकायत दी गई है, जिसमें अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और शिविर के आसपास स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की मांग की गई है।
सुरक्षा के मद्देनज़र शिविर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। फिलहाल माघ मेले में यह मामला आस्था, प्रशासन और राजनीति के बीच संतुलन की कसौटी बन गया है और सभी की निगाहें आगे की स्थिति पर टिकी हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com