यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल?
मुंबई (सं.भा.): मुंबई लोकल ट्रेनों में रोजमर्रा की भीड़ और जल्दबाजी एक बार फिर जानलेवा साबित हुई और यात्रियों की सुरक्षा पर प्रश्न खड़ा हो गया है। पश्चिम रेलवे के मालाड स्टेशन पर ट्रेन से उतरते समय हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवा सहायक प्रोफेसर की मौत हो गई। इस सनसनीखेज मामले में बोरीवली रेलवे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक आलोक कुमार सिंह (32) एन.एम. कॉलेज में गणित के सहायक प्रोफेसर थे और मालाड पूर्व के कुरार विलेज क्षेत्र में रहते थे। घटना के दौरान लोकल ट्रेन से उतरने को लेकर आरोपी से कहासुनी हुई, जो कुछ ही क्षणों में मारपीट में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में आकर आरोपी ने अपने बैग में रखे धारदार औजार से आलोक के पेट पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल आलोक को
तुरंत कांदिवली स्थित शताब्दी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बोरीवली रेलवे पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों व गोपनीय जानकारी के आधार पर आरोपी ओंकार एकनाथ शिंदे (27) को मालाड पूर्व के पारेख नगर से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को बोरीवली कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे 30 जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि वारदात में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी की प्रक्रिया जारी है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। रविवार को कांदिवली इलाके में मृतक आलोक कुमार सिंह का अंतिम संस्कार कर दिया गया। यात्रियों का कहना है कि मुंबई की लोकल ट्रेन शहर की लाइफ लाइन कही जाती हैं लेकिन यात्रियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने की वजह से ये लाइफ लाइन कब डेथ लाइन में बदल जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता।


