ठाणे (सं.भा.): महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर स्वानंद बाबा आश्रम में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का अनुपम संगम देखने को मिला। पूरे आश्रम परिसर में ‘हर हर महादेव’ के गगनभेदी जयघोष और वैदिक मंत्रोच्चार से वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो उठा। शिवभक्ति में लीन श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने महोत्सव को विशेष गरिमा प्रदान की।
आश्रम के ट्रस्टी, स्वानंद बाबा के प्रमुख शिष्य एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ल ने अपने परिवार सहित विधिवत पूजन, दुग्धाभिषेक और हवन में सहभागिता की। वैदिक परंपराओं के अनुसार संपन्न इन अनुष्ठानों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को गहन आध्यात्मिक अनुभूति से जोड़ दिया। महोत्सव के अवसर पर अभय मिश्र द्वारा संपादित प. पू. स्वानंद बाबा सेवा न्यास के वार्षिक कैलेंडर का भी विधिवत विमोचन किया गया। इस दौरान धर्म, समाज और मीडिया जगत से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्तित्वों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।
समारोह में दुर्गाप्रसाद पाठक, शांति शुक्ला, आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली, वरिष्ठ पत्रकार श्रीनारायण तिवारी, पंकज मिश्रा, डॉ. दीप नारायण शुक्ला, गजेंद्र भंडारी, पुष्पराज मिश्रा, राजकिशोर तिवारी, बलवीर नेगी, सरबजीत सिंह, जगत गौतम, विपेंद्र पाठक, धर्मेन्द्र पांडेय, संजय सिंह, अनिल मिश्र, शिवसागर मिश्र सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन, भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का सुंदर समन्वय दिखाई दिया। आश्रम प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आध्यात्मिक पर्व समाज में शांति, सद्भाव और संस्कारों को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


